Edited By Vandana Khosla, Updated: 19 Jun, 2026 12:19 PM

बेमेतरा (अजीत सिंह राजपूत): प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आवाहन पर जिले के कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में बिजली व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में प्रदेश के पूर्व कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने...
बेमेतरा (अजीत सिंह राजपूत): प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आवाहन पर जिले के कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में बिजली व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में प्रदेश के पूर्व कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने प्रदेश की बिजली व्यवस्था, बढ़ते बिजली बिलों और उपभोक्ताओं की परेशानियों को लेकर राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा।
इस अवसर पर पूर्व संसदीय सचिव गुरु दयाल बंजारे, पूर्व बेमेतरा विधायक आशीष छाबड़ा सहित जिले के अनेक कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा कि प्रदेश में आम जनता बिजली से संबंधित विभिन्न समस्याओं का सामना कर रही है। कई क्षेत्रों में बार-बार बिजली कटौती हो रही है, जिससे किसानों, व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली बिलों में अनियमितता और बढ़े हुए शुल्क के कारण लोगों में असंतोष बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर उनके हितों के लिए लगातार संघर्ष कर रही है और बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर प्रदेशव्यापी स्तर पर आंदोलन और जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि बिजली व्यवस्था में सुधार किया जाए तथा उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
पूर्व संसदीय सचिव गुरु दयाल बंजारे ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की स्थिति चिंताजनक है। किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है, जिससे खेती-किसानी प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की समस्याओं को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी।
पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने कहा कि बेमेतरा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लगातार बिजली संबंधी शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि जनता को बेहतर बिजली सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है और यदि समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी जनता के साथ मिलकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार से बिजली व्यवस्था में सुधार, अनियमित बिजली कटौती पर रोक लगाने तथा आम उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की। कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी पार्टी के प्रदेशव्यापी अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
प्रेस वार्ता में जिले के कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में मीडिया के साथी मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार का ध्यान बिजली व्यवस्था की ओर आकर्षित करना रहा।