Edited By meena, Updated: 24 Jun, 2026 04:55 PM

खैरागढ़ जिला मुख्यालय के पिपरिया स्थित जिला भाजपा कार्यालय में आपातकाल की बरसी के अवसर पर आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश भाजपा प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल ने...
खैरागढ़ (श्रेयांश सिंह) : खैरागढ़ जिला मुख्यालय के पिपरिया स्थित जिला भाजपा कार्यालय में आपातकाल की बरसी के अवसर पर आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश भाजपा प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल ने वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल को लोकतंत्र के इतिहास का काला अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने 25 जून 1975 को पूरे देश में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र की निर्मम हत्या की थी।
डॉ. बघेल ने कहा कि आपातकाल के दौरान देशवासियों के मौलिक अधिकार छीन लिए गए, प्रेस की स्वतंत्रता पर सेंसरशिप थोप दी गई और लाखों निर्दोष लोगों को जेलों में डाल दिया गया। उन्होंने कहा कि 21 महीनों तक चले इस दौर ने भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों को झकझोर कर रख दिया।
उन्होंने कांग्रेस पर सत्ता लोलुपता और तानाशाही मानसिकता का आरोप लगाते हुए कहा कि देशहित से ऊपर एक परिवार और एक व्यक्ति के अहंकार को रखा गया। डॉ. बघेल ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले युवाओं, पत्रकारों और जनआंदोलनों में भाग लेने वाले नागरिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए आपातकाल के विरोध में उठी हर आवाज को नमन किया। पत्रकार वार्ता में नवनीत जैन, अनिल अग्रवाल, विनय देवांगन, कीर्ति वर्मा, प्रीति यादव सहित भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।