Edited By Himansh sharma, Updated: 12 Jan, 2026 08:11 PM

मध्यप्रदेश के दमोह से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है।
दमोह। मध्यप्रदेश के दमोह से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। दमोह के सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता राहुल सिंह लोधी की चार वर्षीय मासूम पुत्री संस्था सिंह का दिल्ली स्थित एम्स (AIIMS) में इलाज के दौरान निधन हो गया। इस हृदयविदारक घटना से पूरे राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
परिजनों के अनुसार, मासूम संस्था सिंह जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित थी। उसके दिल में छेद था, जिसका इलाज दिल्ली एम्स में विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा था। डॉक्टरों ने हर संभव प्रयास किया, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। रविवार देर रात संस्था सिंह ने अंतिम सांस ली।
बेटी के असमय निधन की खबर मिलते ही सांसद राहुल सिंह लोधी और उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दमोह सहित पूरे प्रदेश में लोग इस खबर से स्तब्ध हैं। आमजन से लेकर राजनीतिक जगत तक हर कोई इस दुखद क्षति पर शोक व्यक्त कर रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने संस्था सिंह के निधन पर गहरा शोक जताया है और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति और परिजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। चार साल की नन्ही सी उम्र में जिंदगी की जंग हार जाना पूरे समाज को झकझोर देने वाला क्षण है।