Edited By Himansh sharma, Updated: 12 Apr, 2026 12:18 PM

मध्य प्रदेश के भोपाल में एक रिटायर्ड डिप्टी कलेक्टर और उनके बेटे के खिलाफ एक महिला बैंक मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
भोपाल: मध्य प्रदेश के भोपाल में एक रिटायर्ड डिप्टी कलेक्टर और उनके बेटे के खिलाफ एक महिला बैंक मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई एमपी नगर थाना पुलिस ने की है, जिसमें आरोप है कि पिछले कई वर्षों से महिला को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।
पीड़ित महिला, जो एक सरकारी बैंक में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं, ने आरोप लगाया है कि रिटायर्ड डिप्टी कलेक्टर संजय उपाध्याय, उनके बेटे सजल उपाध्याय और परिवार के अन्य सदस्य लगातार उनका पीछा करते हैं। महिला का कहना है कि आरोपी अलग-अलग वाहनों से घर से लेकर ऑफिस तक उनका पीछा करते हैं और रास्ते में अभद्र व्यवहार कर धमकाते हैं।
महिला के अनुसार, आरोपियों ने उनके निजी और पेशेवर जीवन से जुड़ी जानकारी इकट्ठा कर उसका गलत इस्तेमाल किया। इतना ही नहीं, उनके रिश्तेदारों और सहकर्मियों को फोन कर उनके बारे में अफवाहें भी फैलाई गईं, जिससे उनकी सामाजिक छवि प्रभावित हुई और उन्हें मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इन घटनाओं का असर उनके वैवाहिक जीवन पर पड़ा और अंततः उनका तलाक हो गया। महिला ने अपनी जान को भी खतरा बताया है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने 12 मार्च 2026 को शाहपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। प्रारंभिक जांच के बाद मामला ‘जीरो’ पर दर्ज कर एमपी नगर थाना ट्रांसफर किया गया, जहां अब FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच विवाद पुराना है, जिसकी शुरुआत वर्ष 2020 के दौरान हुई थी। बताया जा रहा है कि यह विवाद उपाध्याय परिवार की बेटी से जुड़े घरेलू मामले से जुड़ा है, जिसके बाद से दोनों पक्षों के बीच तनाव लगातार बना हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। साक्ष्यों और बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।