Edited By meena, Updated: 13 Apr, 2026 04:58 PM

बलौदाबाजार जिले के कसडोल थाना पुलिस ने फरार चल रहे कांग्रेस नेता और ढाबा संचालक भागवत थवाईत को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था...
बलौदाबाजार (अशोक टंडन) : बलौदाबाजार जिले के कसडोल थाना पुलिस ने फरार चल रहे कांग्रेस नेता और ढाबा संचालक भागवत थवाईत को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था, जिसे पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। गिरफ्तारी के बाद कसडोल थाना पुलिस ने उसे ग्राम कटगी ले जाकर जुलूस निकाला और कटगी क्षेत्र में घुमाया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और पूरे घटनाक्रम को लेकर क्षेत्र में काफी चर्चा रही। मामले की जड़ अवैध शराब बिक्री का विवाद बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, भागवत थवाईत अपने ढाबे में अवैध रूप से शराब बेच रहा था, जिसकी शिकायत ग्रामीणों ने प्रशासन से की थी। शिकायत से नाराज होकर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर गांव के लोगों के साथ मारपीट, गाली-गलौज और दबंगई की थी।
वही इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की थी। इस दौरान आरोपी के पिता संतोष थवाईत सहित चार अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं मुख्य आरोपी भागवत थवाईत फरार हो गया था, जिसकी तलाश लगातार जारी थी।

अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। वहीं इस कार्रवाई को लेकर पुलिस प्रशासन की सख्ती भी साफ नजर आ रही है, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया गया है।