जमीनों पर ‘कब्जे’ का बवाल! कैलाश विजयवर्गीय पर उमंग सिंघार का सीधा वार, बोले- ‘इंदौर से उज्जैन तक भूमाफिया सक्रिय’

Edited By Himansh sharma, Updated: 31 Aug, 2026 12:57 PM

indore land row umang singhar targets kailash vijayvargiya

मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इंदौर में जमीनों और निर्माण को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

इंदौर। मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इंदौर में जमीनों और निर्माण को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। रविवार को इंदौर पहुंचे सिंघार ने नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि शहर में प्रभावशाली भाजपा नेताओं से जुड़े लोगों द्वारा जमीनों पर कब्जे और निर्माण किए जा रहे हैं, लेकिन प्रशासन कार्रवाई करने से बच रहा है। सिंघार ने रेवती रेंज की पहाड़ी पर बने आशा हॉल को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि सार्वजनिक महत्व वाले क्षेत्रों में निर्माण को लेकर प्रशासन का रवैया स्पष्ट होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इंदौर से उज्जैन तक भूमाफिया सक्रिय हैं और प्रभावशाली लोगों के मामलों में कार्रवाई का अभाव दिखाई देता है।

आशा हॉल को लेकर क्यों उठा विवाद?

रेवती रेंज में बने आशा हॉल का लोकार्पण नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपनी पत्नी आशा विजयवर्गीय के जन्मदिन के अवसर पर कराया था। कार्यक्रम में आशा विजयवर्गीय ने फीता काटकर हॉल का लोकार्पण किया था। इसी निर्माण को लेकर अब विपक्ष ने सवाल खड़े किए हैं। सिंघार का कहना है कि रेवती रेंज और पितृ पर्वत जैसे क्षेत्रों में हुए निर्माणों को लेकर प्रशासन को स्थिति साफ करनी चाहिए। उनका सवाल है कि यदि इन स्थानों पर निर्माण नियमों के अनुरूप हैं तो इसकी जानकारी सार्वजनिक की जाए और यदि नियमों का उल्लंघन हुआ है तो कार्रवाई क्यों नहीं की गई?

पितृ पर्वत पर रेस्ट हाउस और हॉस्टल का मुद्दा भी उठाया

उमंग सिंघार ने पितृ पर्वत पर कथित तौर पर बने रेस्ट हाउस और वहां प्रस्तावित हॉस्टल निर्माण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि करीब एक हजार बटुकों के ठहरने की व्यवस्था वाले हॉस्टल के निर्माण को लेकर शासन की कोई स्पष्ट योजना सामने नहीं आई है। विपक्ष का आरोप है कि ऐसे निर्माणों को लेकर प्रशासन की ओर से अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। हालांकि, इन आरोपों को लेकर संबंधित पक्ष का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।

दूषित पानी से मौतों पर भी सरकार को घेरा

उमंग सिंघार ने इंदौर में दूषित पानी के कारण हुई मौतों के मामले को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मामले में अधिकारियों पर कार्रवाई की जा रही है, लेकिन उन जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी तय नहीं की जा रही, जिनके क्षेत्र में यह समस्या सामने आई। नेता प्रतिपक्ष ने सरकार से जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग करते हुए कहा कि जनता को यह जानने का अधिकार है कि लापरवाही कहां हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।

शुगर के बयान पर भी विजयवर्गीय को घेरा

सिंघार ने कैलाश विजयवर्गीय के उस बयान पर भी तंज कसा, जिसमें मंत्री ने कहा था कि वह शकर नहीं खाते। सिंघार ने कहा कि अगर मंत्री शकर नहीं खाते हैं तो कम से कम जनता को यह बता दें कि आम लोगों को सस्ती शकर कब मिलेगी।

युवाओं के मुद्दे पर उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि छात्रों और युवाओं की समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने छात्रों की तुलना भगवान हनुमान से करते हुए कहा कि जब युवाओं के भीतर आक्रोश पैदा होता है तो उसका असर व्यापक हो सकता है।

स्नेह बंधन कार्यक्रम में पहुंचे थे सिंघार

उमंग सिंघार इंदौर में आयोजित स्नेह बंधन कार्यक्रम में भी शामिल हुए। इस दौरान महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष रीना बौरासी ने उन्हें राखी बांधी। कार्यक्रम के दौरान सिंघार ने राजनीतिक मुद्दों के साथ-साथ प्रदेश सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए। इंदौर में जमीन, निर्माण और दूषित पानी जैसे मुद्दों को लेकर नेता प्रतिपक्ष के हमलों ने एक बार फिर प्रदेश की सियासत को गरमा दिया है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और प्रशासन इन आरोपों पर क्या जवाब देते हैं।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!