Edited By Himansh sharma, Updated: 16 Feb, 2026 06:45 PM

चंदन नगर चौराहा से कालानी नगर चौराहा तक 60 फीट चौड़ी सड़क बनाने का रास्ता साफ हो गया है।
इंदौर: चंदन नगर चौराहा से कालानी नगर चौराहा तक 60 फीट चौड़ी सड़क बनाने का रास्ता साफ हो गया है। राज्य सरकार ने रोड को मास्टर प्लान में शामिल करने के लिए भूमि उपांतरण और जनरेटिंग एरिया की मंजूरी के साथ कल गजट नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। नगर निगम ने बाधक निर्माणों की पहचान कर 350 मकानों को नोटिस जारी करने की तैयारी शुरू कर दी है। अगले दो-चार दिनों में ये नोटिस जारी हो जाएंगे।
60 फीट चौड़ी सड़क का विस्तार
निगम जनकार्य विभाग की योजना के मुताबिक सड़क चंदन नगर, नगीन नगर, नंदन नगर से कालानी नगर होते हुए एयरपोर्ट रोड तक जाएगी। सड़क निर्माण के लिए पहले ही भोपाल में दावे-आपत्तियों का निपटारा किया जा चुका है।
गजट नोटिफिकेशन के बाद रोड का काम शुरू
गजट नोटिफिकेशन जारी होते ही 20 करोड़ रुपए लागत वाला निर्माण कार्य शुरू होगा। निगम ने ठेकेदार एजेंसी भी तय कर दी है। साथ ही रोड के मार्ग में आने वाले 350 मकानों, दुकानों और गोदामों को चिन्हित कर दिया गया है।
मकानों का मुआवजा
इन 350 बाधक निर्माणों में से 100 मकान पूरी तरह टूटेंगे। प्रभावित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत फ्लैट दिए जाएंगे, लेकिन अभी फ्लैट का लोकेशन तय नहीं हुआ है।
इंदौरवासियों के लिए ये सड़क चौड़ीकरण योजना शहर के ट्रैफिक सुधार और बेहतर रोड कनेक्टिविटी के लिए महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।