Edited By Himansh sharma, Updated: 14 Sep, 2026 10:32 AM

शहर के बौरीपारा इलाके में IPS अधिकारी के बेटे के साथ कथित मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
अंबिकापुर। शहर के बौरीपारा इलाके में IPS अधिकारी के बेटे के साथ कथित मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों आरोपियों को हथकड़ी पहनाकर कोतवाली थाने से न्यायालय तक लेकर पहुंची। इस दौरान शहर में आरोपियों का जुलूस भी निकाला गया। कोर्ट में पेशी के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामला 7 सितंबर की रात का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, IPS रवि कुर्रे का 24 वर्षीय बेटा लेखांश कांत कुर्रे अपने दोस्तों विशाल सोनी और रोमी खान के साथ कार से बौरीपारा में रहने वाले अपने दोस्त प्रिंस गुप्ता के घर जा रहा था। रात करीब 10 बजे तालाब के पास उसने कार रोकी और प्रिंस से मोबाइल पर बातचीत करने लगा।
इसी दौरान वहां पहले से मौजूद युवकों से उसका विवाद हो गया। पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, मौके पर गोलू गणेश, रतन गुप्ता, कोया डॉन, आशुतोष गुप्ता समेत कुछ अन्य युवक मौजूद थे। बातचीत के दौरान लेखांश द्वारा गोलू गणेश का नाम लिए जाने पर कथित तौर पर रतन गुप्ता और कोया डॉन ने उससे बहस शुरू कर दी।
नाम लेने की बात पर बढ़ा विवाद
शिकायत के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपियों ने लेखांश से कथित तौर पर कहा कि “गोलू गणेश नहीं, बाप बोल।” इसके बाद कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया। आरोप है कि गोलू गणेश ने लेखांश का हाथ पकड़ लिया, जबकि रतन गुप्ता, कोया डॉन और आशुतोष गुप्ता ने उसके साथ हाथ-मुक्कों, बेल्ट और कड़े से मारपीट की। मारपीट में लेखांश के सिर, कनपटी और चेहरे पर चोटें आईं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि विवाद के दौरान उसका गला दबाने की कोशिश की गई। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने बीच-बचाव कर किसी तरह उसे वहां से छुड़ाया।
‘तेरा बाप पुलिस वाला है तो क्या कर लेगा?’
घटना के दौरान आरोपियों द्वारा कथित तौर पर धमकी दिए जाने की बात भी शिकायत में सामने आई है। लेखांश के मुताबिक, आरोपियों ने उसे यह कहते हुए धमकाया कि उसका पिता पुलिस अधिकारी है तो इससे उनका क्या बिगड़ जाएगा। घटना के बाद लेखांश ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गोलू गणेश, रतन गुप्ता, कोया डॉन, आशुतोष गुप्ता समेत अन्य के खिलाफ BNS की धारा 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया।
दो आरोपियों की गिरफ्तारी, पुलिस ने निकाला जुलूस
जांच के दौरान पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद दोनों को हथकड़ी लगाकर कोतवाली थाने से न्यायालय तक ले जाया गया। इस दौरान पुलिस ने शहर में उनका जुलूस भी निकाला।पुलिस के मुताबिक, जुलूस निकालने का उद्देश्य अपराधियों के प्रति लोगों में बने डर को कम करना और कानून-व्यवस्था को लेकर स्पष्ट संदेश देना था। न्यायालय में पेशी के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
सिक्योरिटी एजेंसी संचालित करता है लेखांश
बताया गया है कि लेखांश कांत कुर्रे नमनाकला खटिकपारा क्षेत्र में रहता है और अपनी सिक्योरिटी एजेंसी संचालित करता है। वहीं उसके पिता IPS रवि कुर्रे वर्तमान में रायपुर में पदस्थ हैं। इससे पहले वे कोरिया जिले में पुलिस अधीक्षक के पद पर भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मारपीट के पीछे विवाद की वास्तविक वजह और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।