Edited By Himansh sharma, Updated: 06 Sep, 2026 06:05 PM

शहर में एक 25 वर्षीय युवती ने दो युवकों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए सिटी कोतवाली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
गुना। शहर में एक 25 वर्षीय युवती ने दो युवकों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए सिटी कोतवाली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। युवती का आरोप है कि एक युवक ने उसके साथ जबरदस्ती की, जबकि घटना के बाद शिकायत करने की बात कहने पर दूसरे युवक ने उसके साथ मारपीट की और जान से खत्म करने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान के मुताबिक युवती शहर की एक कॉलोनी में अपने बेटे के साथ किराए के मकान में रहती है और पार्लर का काम करती है। इसी मकान में उसकी एक परिचित महिला भी रहती है।
बताया गया है कि 5 सितंबर की शाम युवती की परिचित से मिलने दो युवक वहां पहुंचे थे। युवती के अनुसार उस दौरान कमरे में शराब पी जा रही थी। आरोप है कि उसे भी शराब पिलाई गई। कुछ समय बाद परिचित महिला और एक युवक कमरे से बाहर चले गए, जिसके बाद वह और दूसरा युवक कमरे में अकेले रह गए।
युवती ने आरोप लगाया कि युवक ने कमरे का दरवाजा बंद करने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसके साथ धक्का-मुक्की की गई और जमीन पर गिराकर कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया। युवती के मुताबिक उसने मदद के लिए आवाज भी लगाई, लेकिन तत्काल कोई सहायता नहीं मिली।
घटना के बाद वह कमरे से बाहर आई और वहां मौजूद लोगों को पूरी बात बताई। युवती का कहना है कि जब उसने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो एक युवक ने उसके साथ मारपीट की और उसे शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इसी दौरान वहां पहुंचे एक परिचित व्यक्ति ने युवती को स्थिति से बाहर निकाला। इसके बाद युवती ने अपने पूर्व पति को मैसेज के जरिए घटना की जानकारी दी और रेलवे स्टेशन चली गई।
जानकारी मिलने के बाद पूर्व पति पुलिस के साथ रेलवे स्टेशन पहुंचा और युवती को अपने साथ लेकर आया। बाद में युवती ने सिटी कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने युवती की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपों की पुष्टि के लिए पुलिस बयान एवं अन्य साक्ष्यों को जुटा रही है।