Edited By meena, Updated: 12 May, 2026 03:14 PM

भाजपा नेताओं पर नेताजी पर भले ही पीएम मोदी की अपील का असर न हुआ हो लेकिन मीडिया का खौफ जरूर नजर आ रहा है। इसका जीता जागता उदाहरण मध्य प्रदेश में देखने को मिला..
भोपाल (इजहार खान) : भाजपा नेताओं पर नेताजी पर भले ही पीएम मोदी की अपील का असर न हुआ हो लेकिन मीडिया का खौफ जरूर नजर आ रहा है। इसका जीता जागता उदाहरण मध्य प्रदेश में देखने को मिला। पीएम नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील के बावजूद दर्जनों गाड़ियों के काफिले पर उठे सवालों और संगठन की नाराजगी के बाद राकेश सिंह जादौन ई-रिक्शा में सवार होकर भाजपा कार्यालय पहुंचे।
दरअसल, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण करने भोपाल पहुंचे राकेश सिंह जादौन के साथ सैंकड़ो गाड़ियों का काफिला दिखाई दिया था। उनके पदभार ग्रहण को लेकर चर्चा जोरों पर थी। PM मोदी की पेट्रोलियम बचाने की अपील के बीच भोपाल के तरण पुष्कर क्षेत्र से बीजेपी कार्यालय तक 100 से ज्यादा गाड़ियों का काफिला रवाना होने की तैयारी की गई थी। लिंक रोड पर खड़ी कई कारों और एसयूवी पर उनके पोस्टर लगे थे। वाहनों की लंबी कतार की वजह से ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ था। उनके काफिले की तस्वीरें जब सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो उन्होंने अपने काफिले को कहीं दूर रोक दिया और नेताजी बीजेपी प्रदेश कार्यालय में ई रिक्शा से पहुंचे।

सूत्रों की मानें तो मामले के तूल पकड़ने के बाद संगठन स्तर पर नाराजगी जताई गई। इससे पहले सौभाग्य सिंह की वजह से भी प्रदेश भर में काफी किरकिरी हो चुकी थी। ऐसे में राकेश सिंह जादौन ने अपना तरीका बदलते हुए ई-रिक्शा से भाजपा कार्यालय पहुंचने का फैसला किया। भोपाल में जब वे ई-रिक्शा में बैठे दिखाई दिए तो वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए। कई लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया।

खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष राकेश सिंह जादौन ने कहा कि वे ई-रिक्शा में केवल तीन लोगों के साथ प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे हैं। बाकी कितने लोग गाड़ियों से आए हैं, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि समर्थक अपने-अपने साधनों से आए होंगे।

बता दें कि इससे पहले मध्य प्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष BJP नेता सौभाग्य सिंह ठाकुर के पदभार ग्रहण को लेकर जमकर किरकिरी हुई थी। पीएम मोदी की अपील को दरकिनार करते हुए भौकाल जमाने के लिए सौभाग्य सिंह ने उज्जैन से भोपाल तक 700 गाड़ियों का लंबा काफिला निकाल दिया। जिसे लेकर सोशल मीडिया पर जमकर सवाल उठे और उनकी तस्वीरें वायरल हुई। कांग्रेस ने आरोप लगाए कि एक तरफ नरेंद्र मोदी देश को पेट्रोल-डीजल कम इस्तेमाल करने का ज्ञान देते हैं, दूसरी तरफ उनकी ही पार्टी के नेता अपील की धज्जियां उड़ाते हैं।