Edited By meena, Updated: 14 May, 2026 01:49 PM

एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव लोगों से पेट्रोल-डीजल बचाने और वैश्विक संकट के दौर में संसाधनों का सीमित उपयोग करने की अपील कर रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ बीजेपी..
भोपाल : एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव लोगों से पेट्रोल-डीजल बचाने और वैश्विक संकट के दौर में संसाधनों का सीमित उपयोग करने की अपील कर रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ बीजेपी के ही एक नेता उनकी नसीहतों की धज्जियां उड़ाते नजर आए।
दरअसल, उज्जैन के बीजेपी नेता सौभाग्य सिंह ठाकुर को हाल ही में मध्य प्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम का अध्यक्ष बनाया गया है। पदभार ग्रहण करने के लिए जब वे उज्जैन से भोपाल पहुंचे तो उनके साथ सैकड़ों गाड़ियों का लंबा काफिला भी चल रहा था। हाईवे पर कई किलोमीटर तक गाड़ियों की कतार देखने को मिली।
बताया जा रहा है कि जैसे-जैसे काफिला भोपाल की ओर बढ़ता गया, हाईवे पर ट्रैफिक की रफ्तार धीमी पड़ती गई। कई जगह वाहन चालकों को जाम जैसी स्थिति का सामना करना पड़ा। सोशल मीडिया पर भी इस काफिले के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिन पर लोग सवाल उठा रहे हैं।
मामला सामने आने के बाद बीजेपी संगठन भी एक्शन मोड में दिखाई दे रहा है। सूत्रों के मुताबिक प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने इस पूरे मामले पर नाराजगी जताई है और सौभाग्य सिंह ठाकुर को नोटिस जारी किया गया है। पार्टी ने उनसे जवाब मांगा है और साफ संकेत दिए हैं कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं हुआ तो आगे सख्त कार्रवाई भी की जा सकती है। अब देखना होगा कि पार्टी इस मामले में क्या कदम उठाती है और सौभाग्य सिंह ठाकुर अपने बचाव में क्या जवाब देते हैं।