Edited By meena, Updated: 14 May, 2026 06:06 PM

छतरपुर जिले के ढोडन गांव में केन-बेतवा लिंक परियोजना के विरोध के दौरान प्रशासनिक टीम पर हुए पथराव मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। आंदोलन की अगुवाई कर रहे किसान नेता अमित...
छतरपुर (राजेश चौरसिया) : छतरपुर जिले के ढोडन गांव में केन-बेतवा लिंक परियोजना के विरोध के दौरान प्रशासनिक टीम पर हुए पथराव मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। आंदोलन की अगुवाई कर रहे किसान नेता अमित भटनागर समेत 50 नामजद और करीब 150 अन्य महिला-पुरुषों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने अब तक एक दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के मुताबिक, प्रशासन और पुलिस की टीम परियोजना क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने और एक मकान तोड़ने पहुंची थी। इसी दौरान ग्रामीणों और आंदोलनकारियों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और पुलिस-प्रशासन की टीम पर पथराव शुरू हो गया। घटना में प्रशासनिक वाहनों को नुकसान पहुंचा, वहीं अफसरों और पुलिसकर्मियों को भी जान बचाकर पीछे हटना पड़ा।
इन लोगों पर दर्ज हुई FIR
पुलिस ने आंदोलन का नेतृत्व कर रहे अमित भटनागर निवासी बिजावर, दिव्या अहिरवार, हिसाबी राजपूत सहित ढोडन, पलकौहा, झमटुली और आसपास के गांवों के कई ग्रामीणों को नामजद आरोपी बनाया है। इनमें भरत आदिवासी, सुनील आदिवासी, लक्ष्मण आदिवासी, घनश्याम आदिवासी, छोटू यादव, गौरीशंकर यादव, मनोज आदिवासी, तुलसी कोंदर, हरप्रसाद कोंदर, महेश कोंदर, देवराज कोंदर, पप्पू कोंदर, करन कोंदर सहित कई नाम शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 109, 190, 191(2), 191(3), 324(4), 125, 296(बी), 351(3) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है। इनमें हत्या के प्रयास, बलवा, आपराधिक षड्यंत्र, शासकीय कार्य में बाधा और सरकारी-निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं।

कलेक्टर बोले- वीडियो से हो रही पहचान
छतरपुर कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने बताया कि प्रशासनिक टीम ढोडन गांव में कार्रवाई करने पहुंची थी, तभी कुछ लोगों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया। पूरे घटनाक्रम के वीडियो और ड्रोन फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
टीआई ने कहा- गिरफ्तारी के लिए बनाई गईं टीमें
किशनगढ़ थाना प्रभारी कमलजीत सिंह ने बताया कि मामले में 150 से अधिक लोगों पर केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की करीब आधा दर्जन टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मामले की जांच जारी है।