Edited By meena, Updated: 13 May, 2026 01:26 PM

मध्य प्रदेश के दमोह से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां भाजपा नेता की एक सड़क हादसे में मौत हो गई। नेता का शव सड़क पर लथपथ हालत में टुकड़ों में मिला है। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची है...
दमोह (इम्तियाज चिश्ती) : मध्य प्रदेश के दमोह से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां भाजपा नेता की एक सड़क हादसे में मौत हो गई। नेता का शव सड़क पर लथपथ हालत में टुकड़ों में मिला है। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची है। जानकारी के मुताबिक, घटना मंगलवार शाम की है। यहां दमोह-सागर स्टेट हाईवे पर एक सड़क हादसे में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर की मौत हो गई। दावा है कि आरोपियों ने भाजपा नेता के ऊपर कई बार कार चढ़ाई ऐसे में इसे साजिश के तहत हत्या की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।
हादसा देहात थाना क्षेत्र के उद्यानिकी कार्यालय के सामने हुआ। भाजपा नेता बाइक से कहीं जा रहे थे। शाम साढ़े चार पांच बजे के बीच सागर रोड पर मडियहार नर्सरी के सामने एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। वे सड़क पर गिर गए। इसके बाद सफेद कलर की स्कॉर्पियो गाड़ी मौके से भाग गई। घटना के बाद तत्काल मौके पर लोगों की भीड़ लग गई तथा पुलिस को सूचना दी गई। भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष की मौत की खबर सोशल मीडिया पर वायरल होते ही भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारी के अलावा राजपूत क्षत्रिय समाज के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
इधर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर पहुंचकर जांच कार्रवाई शुरू करने में देर नहीं की। स्थानीय लोगों द्वारा उनकी बाइक को टक्कर मारने के बाद उनके ऊपर स्कॉर्पियो गाड़ी चढ़ा कर आगे पीछे किए जाने जैसी जानकारी भी समाज के लोगों को दी गई वही मौके पर देवेंद्र ठाकुर की बॉडी के आसपास भारी मात्रा में खून पड़े होने जैसे हालात को ध्यान में रखकर हिट एंड रन हत्या की आशंका भी जताई जाने लगी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर पूर्व वित्त मंत्री जयंत मलैया के कट्टर समर्थक रहे हैं। वही कोरांसा बरमासा क्षेत्र में जहा कल जल संकट को लेकर चक्का जाम प्रदर्शन किया गया था वहां के निवासी थे। मंगलवार शाम वह अपनी बाइक क्रमांक एमपी 34-5650 से गांव जाने के लिए तीन गुल्ली तरफ से निकले थे। तभी संजय निकुंज के सामने पीछे से आ रही सफेद कलर की स्कॉर्पियो कार क्रमांक एमपी 04 एसजे 0999 उनको टक्कर मारते हुए कुचलकर निकल गई। बाद में इस गाड़ी के सागर रोड बाईपास पर निर्माणाधीन बस स्टैंड के पास छोड़कर आरोपियों की भाग जाने की जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद एसपी आनंद कलादगी ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया तथा घटना के हर पहलू को लेकर जांच करवाई के निर्देश दिए। इधर एडिशनल एसपी एसएस भदौरिया, सीएसपी एचआर पांडे के निर्देशन में कोतवाली तथा देहात थाना टीआई व पुलिस टीम जांच में जुटी हुई। भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व वित्त मंत्री विधायक जयंत मलैया, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे, सिद्धार्थ मलैया, पूर्व मंडल अध्यक्ष अखिलेश हजारी सहित अनेक पदाधिकारी, राजपूत क्षत्रिय समाज से राकेश सिंह हजारी, राजकिशोर राशू चौहान सहित बड़ी संख्या में समाज जनों ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिजनों को सांत्वना देते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच करवाई की अपेक्षा की है।