Edited By Himansh sharma, Updated: 14 May, 2026 01:43 PM

जिले में 100 से अधिक वाहनों के काफिले के साथ निकाली गई कथित शक्ति प्रदर्शन रैली के मामले में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा संगठनात्मक कदम उठाया है।
भिंड। जिले में 100 से अधिक वाहनों के काफिले के साथ निकाली गई कथित शक्ति प्रदर्शन रैली के मामले में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा संगठनात्मक कदम उठाया है। पार्टी ने किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष सज्जन सिंह यादव की नियुक्ति को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है।
भाजपा मध्यप्रदेश किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा जारी आधिकारिक पत्र में स्पष्ट किया गया है कि सज्जन सिंह यादव द्वारा निकाला गया बड़ा वाहन काफिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की “ईंधन बचत और सादगीपूर्ण जीवनशैली” की अपील के खिलाफ माना गया। इसे संगठन ने अनुशासनहीनता की श्रेणी में रखा है।
पत्र में उल्लेख है कि 13 मई 2026 को ग्वालियर से भिंड तक सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ रैली आयोजित की गई थी, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग समेत कई मार्गों पर यातायात बाधित हुआ और आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रदेश नेतृत्व ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए निर्णय लिया कि संबंधित पदाधिकारी की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से रद्द की जाती है। आदेश प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर जारी किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, पार्टी संगठन इस मामले को केवल व्यक्तिगत नहीं बल्कि अनुशासन और सार्वजनिक संदेश से जोड़कर देख रहा है। वहीं, अब इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है। मामला पहले से ही सोशल मीडिया पर वायरल था, अब संगठनात्मक कार्रवाई के बाद यह और बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन गया है।