Edited By Vandana Khosla, Updated: 22 Apr, 2026 02:09 PM

गुनाः मध्यप्रदेश के गुना में एक युवक से कथित तौर पर अभद्रता और मारपीट करने के आरोप में दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस घटना से संबंधित एक वीडियो के सोशल मीडिया पर आने के बाद...
गुनाः मध्यप्रदेश के गुना में एक युवक से कथित तौर पर अभद्रता और मारपीट करने के आरोप में दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस घटना से संबंधित एक वीडियो के सोशल मीडिया पर आने के बाद अधिकारियों ने इसे अनैतिक कृत्य मानते हुए आरोपी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने कहा कि पुलिस की छवि धूमिल करने वाले दो पुलिसकर्मियों पर सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई कुंभराज क्षेत्र में एक युवक के साथ की गई गाली-गलौज और मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद की गई है। वासल ने बताया कि 20 अप्रैल को कुंभराज थाने में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल वासुदेव शर्मा और पुलिस लाइन से ड्यूटी हेतु कुंभराज भेजे गए आरक्षक शरद यादव ने पवन शिवहरे नाम के एक युवक के साथ अकारण अभद्रता की थी।
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों ने न केवल युवक को गंदी गालियां दीं, बल्कि उसके साथ मारपीट भी की। उन्होंने कहा कि इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आया, जिसे संज्ञान में लेते हुए विभाग ने इसे अनैतिक कृत्य माना है। वासल ने दोनों पुलिसकर्मियों को दोषी मानते हुए उन्हें निलंबित कर पुलिस लाइन गुना संबद्ध कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक निलंबन अवधि के दौरान दोनों को केवल जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा और वे बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। वासल ने बताया कि इस मामले में अनुविभागीय पुलिस अधिकारी, चांचौड़ा को इस पूरे मामले की प्राथमिक जांच कर पांच दिन के भीतर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश भी दिए गए हैं।