Edited By Himansh sharma, Updated: 05 Feb, 2026 05:21 PM

मध्य प्रदेश के दतिया जिले में सौंदर्यीकरण के नाम पर हो रहे सड़क निर्माण कार्य में बड़ी लापरवाही सामने आई है।
दतिया: (नवल यादव): मध्य प्रदेश के दतिया जिले में सौंदर्यीकरण के नाम पर हो रहे सड़क निर्माण कार्य में बड़ी लापरवाही सामने आई है। सिविल लाइन क्षेत्र से लेकर पीतांबरा मंदिर और सेवड़ा चुंगी तक करीब 4 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क का निर्माण किया जा रहा है, जिसकी लागत लगभग 14 करोड़ 87 लाख रुपये है। इस सड़क निर्माण की जिम्मेदारी एमपीआरडीसी कंपनी को सौंपी गई है।इस दौरान नगर पालिका द्वारा 55 करोड़ रुपये की लागत से बिछाई गई सीवर लाइन और उसके चेंबरों को सड़क के नीचे दबा दिया गया, जिससे पूरा मामला विवादों में आ गया है।
सीवर लाइन के ऊपर पक्की सड़क बनने से निकट भविष्य में जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित होने का खतरा खड़ा हो गया है। सीवर चेंबर दब जाने के कारण मरम्मत और सफाई का कार्य भी बेहद मुश्किल हो जाएगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने तत्काल सड़क निर्माण एजेंसी एमपीआरडीसी के अधिकारियों को तलब करने की बात कही है। वहीं, दतिया नगर पालिका के सीएमओ नागेंद्र सिंह गुर्जर ने कड़ा एतराज जताते हुए एमपीआरडीसी कंपनी को नोटिस जारी किया है।
कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान सीवर लाइन और चेंबरों का दब जाना गंभीर जांच का विषय है। जल्द ही निर्माण एजेंसी से जवाब तलब किया जाएगा और सीवर लाइन को पूरी तरह सुरक्षित कराया जाएगा। हालांकि, इस पूरे मामले ने न केवल निर्माण एजेंसी की लापरवाही, बल्कि प्रशासनिक समन्वय पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।