Edited By Himansh sharma, Updated: 29 Apr, 2026 01:59 PM

मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले से मानवता, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करने वाली एक प्रेरणादायक घटना सामने आई है।
मऊगंज: मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले से मानवता, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करने वाली एक प्रेरणादायक घटना सामने आई है। यहां नई गढ़ी थाना क्षेत्र के ग्राम भोथी में मंगलवार देर रात एक गाय अचानक लगभग 100 फीट गहरे कुएं में गिर गई। गहरे कुएं में फंसी गाय दर्द से कराहती रही, जिसे सुनकर ग्रामीणों ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी।
रात के करीब 2 बजे का समय था। चारों ओर घना अंधेरा और सीमित संसाधनों के बीच यह रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण था। सूचना मिलते ही नई गढ़ी थाना प्रभारी ऋषि द्विवेदी अपनी टीम के साथ बिना देर किए मौके पर पहुंचे। हालात का जायजा लेने के बाद उन्होंने खुद मोर्चा संभालने का फैसला किया।
करीब 50 वर्षीय थाना प्रभारी ऋषि द्विवेदी ने अपनी जान की परवाह किए बिना रस्सी के सहारे 100 फीट गहरे कुएं में उतरने का साहसिक निर्णय लिया। अंधेरे और जोखिम भरे हालात के बावजूद उन्होंने निर्भीकता दिखाते हुए कुएं में छलांग लगा दी। नीचे पहुंचकर उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस टीम के सहयोग से गाय को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की।
लगभग दो घंटे तक चले इस कठिन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आखिरकार गाय को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया गया। थाना प्रभारी की बहादुरी और संवेदनशीलता को देखकर ग्रामीणों ने उनकी जमकर सराहना की।
इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर मानवता और जीवों की रक्षा के लिए भी पूरी निष्ठा से आगे आती है। थाना प्रभारी ऋषि द्विवेदी का यह साहसिक कदम पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।