Edited By Desh Raj, Updated: 23 Apr, 2026 04:29 PM

ग्वालियर में रील बनाने का फितूर दो युवकों को भारी पड़ गया। युवकों ने पिस्टल से गोली चलाने का वीडियो शूट करने की सनक में फायर किया तो गोली हवा में जाने की जगह पानी की टंकी से टकराकर घर में सो रहे राजेन्द्र शाक्य के हाथ में जा लगी।
ग्वालियर (अंकुर जैन):- ग्वालियर में रील बनाने का फितूर दो युवकों को भारी पड़ गया। युवकों ने पिस्टल से गोली चलाने का वीडियो शूट करने की सनक में फायर किया तो गोली हवा में जाने की जगह पानी की टंकी से टकराकर घर में सो रहे राजेन्द्र शाक्य के हाथ में जा लगी। वारदात के दो दिन बाद पुलिस ने एक आरोपी फैजान को पकड़ लिया है। जबकि दूसरा नाबालिग आरोपी पिस्टल समेत फरार हो गया है। जिसकी पुलिस तलाश कर कार्रवाई में जुट गई हैं।
दअरसल ग्वालियर के शिवनगर घोसीपुरा निवासी 35 साल के राजेन्द्र शाक्य ने जनकगंज थाना पुलिस से शिकायत कर बताया कि वह रविवार की दोपहर घर में सो रहे थे। तभी अचानक हाथ में गोली आकर धंसी। उन्हें लगा कि किसी ने जान से मारने की नीयत से फायर किया है। लेकिन बुधवार को वारदात का खुलासा हुआ तो कहानी चौंकाने वाली निकली। जनकगंज थाना पुलिस ने 19 साल के फैजान खान निवासी शिवनगर को राउंडअप किया। जिससे पूछताछ की तो फैजान ने बताया कि वह और उसका नाबालिग दोस्त को सत्यनारायण की टेकरी पर अवैध पिस्टल पड़ी मिली थी।
दोनों ने पिस्टल से फायर करने का वीडियो बनाकर रील बनाने का प्लान बनाया था। दोनों ने सोचा था कि गोली हवा में जाएगी और वीडियो वायरल होगा। लेकिन गोली टंकी से टकरा गई। कुछ देर बाद पता चला कि टंकी के पास रहने वाले राजेन्द्र को गोली लगी है तो दोनों डरकर भाग गए। राजेन्द्र को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी जान खतरे से बाहर है।
पुलिस ने फैजान को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरे नाबालिग की तलाश जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि पिस्टल टेकरी पर कैसे पहुंची और किसकी है। दूसरे नाबालिग आरोपी के पकड़े जाने पर हथियार के सोर्स का खुलासा होगा। वही पुलिस ने दोनों आरोपियों पर आर्म्स एक्ट और जानलेवा हमला करने की धाराओं मे मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए हथियारों का इस्तेमाल न करें। रील बनाने के चक्कर में लोगों की जान जोखिम में डालना गंभीर अपराध है। वही पुलिस फरार नाबालिग आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।