Edited By Himansh sharma, Updated: 30 Aug, 2026 06:16 PM

मध्य प्रदेश पुलिस के मुखिया DGP कैलाश मकवाना ने आज 30 अगस्त को पुलिस सेवा में अपने 38 वर्ष पूरे कर लिए।
भोपाल। (इज़हार हसन ख़ान) मध्य प्रदेश पुलिस के मुखिया DGP कैलाश मकवाना ने आज 30 अगस्त को पुलिस सेवा में अपने 38 वर्ष पूरे कर लिए। 30 अगस्त 1988 को IPS सेवा में कदम रखने वाले कैलाश मकवाना ने अपने 38 साल के सेवाकाल के इस खास पड़ाव पर सोशल मीडिया पर अपने करियर की यादगार तस्वीरों का फोटो कोलाज साझा किया है।
फोटो कोलाज के साथ उन्होंने लिखा “38 years of Service to Nation… God is Kind”। इसके साथ ही उन्होंने मशहूर गीत “रुक जाना नहीं, तू कहीं हार के…” भी शेयर किया। उनकी इस पोस्ट में एक युवा IPS अधिकारी से लेकर मध्य प्रदेश पुलिस के मुखिया बनने तक के लंबे सफर की झलक दिखाई दे रही है।
करीब चार दशक के पुलिस करियर में कैलाश मकवाना ने मध्य प्रदेश पुलिस में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं। उनकी पहचान ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ और साफ-सुथरी छवि वाले अधिकारी के तौर पर रही है। उनकी कार्यशैली और प्रशासनिक सख्ती की चर्चा पुलिस महकमे के साथ-साथ राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी होती रही है।
38 साल की सेवा पूरी करना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। वरिष्ठता और सेवाकाल के लिहाज से कैलाश मकवाना संभवतः मध्य प्रदेश में सबसे लंबे समय तक सेवाएं देने वाले मौजूदा IPS अधिकारियों में शामिल हैं।
उनकी सोशल मीडिया पोस्ट भी खास संदेश देती नजर आई। “रुक जाना नहीं, तू कहीं हार के…” जैसे गीत के साथ 38 वर्षों की तस्वीरें साझा कर उन्होंने अपने पूरे सेवाकाल की यादों को एक पोस्ट में समेट दिया।
अब करीब चार दशक के इस सफर के बाद उनके सेवा जीवन का अगला पड़ाव सेवानिवृत्ति की ओर है। एक युवा IPS अधिकारी से मध्य प्रदेश पुलिस के मुखिया तक का 38 साल का सफर।कैलाश मकवाना की यह पोस्ट उसी लंबे सफर की कहानी बयां करती है।