Edited By Himansh sharma, Updated: 29 Jul, 2026 10:33 PM

नरोत्तम मिश्रा ने आशुतोष तिवारी को अपना छोटा भाई बताते हुए कहा कि पार्टी ने जिस उम्मीदवार पर भरोसा जताया है
दतिया। विधानसभा उपचुनाव के मतदान से ठीक पहले मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने एक भावुक वीडियो संदेश जारी कर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और मतदाताओं से पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में मतदान करने की अपील की। टिकट नहीं मिलने के बाद पहली बार इतने भावुक अंदाज में सामने आए मिश्रा ने कहा कि यह चुनाव किसी सरकार के गठन या पतन का नहीं, बल्कि दतिया के भविष्य और विकास की दिशा तय करने वाला चुनाव है।
अपने संदेश में उन्होंने कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत भावनाओं से ऊपर उठने की अपील करते हुए कहा कि संगठन ने उन्हें जीवन में बहुत सम्मान और अवसर दिए हैं। उन्होंने याद दिलाया कि पार्टी ने उन्हें आठ बार विधानसभा और एक बार लोकसभा चुनाव लड़ने का मौका दिया। ऐसे में अब समय है कि सभी कार्यकर्ता संगठन के निर्णय का सम्मान करें और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से जुट जाएं।
नरोत्तम मिश्रा ने आशुतोष तिवारी को अपना छोटा भाई बताते हुए कहा कि पार्टी ने जिस उम्मीदवार पर भरोसा जताया है, उसके पीछे मजबूती से खड़ा होना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि दतिया के विकास की गति को बनाए रखना है।
वीडियो संदेश में उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उनका कहना था कि मतदान के दौरान भ्रम और अफवाह फैलाने की कोशिशें हो सकती हैं, लेकिन कार्यकर्ताओं को सतर्क रहकर केवल विकास और संगठन के हित में काम करना चाहिए। उन्होंने मतदाताओं से कमल के फूल के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि यह फैसला आने वाले वर्षों में दतिया की दिशा तय करेगा।
संदेश के अंत में नरोत्तम मिश्रा हाथ जोड़कर जनता से भाजपा के समर्थन में मतदान की अपील करते दिखाई दिए। इस दौरान उनका भावुक अंदाज भी देखने को मिला, जिसे राजनीतिक गलियारों में उपचुनाव से पहले एक महत्वपूर्ण संदेश के रूप में देखा जा रहा है।