Edited By Desh Raj, Updated: 01 Mar, 2026 03:46 PM

छतरपुर में दामोदर यादव की प्रस्तावित सभा से पहले पुलिस ने एहतियातन बड़ी कार्रवाई करते हुए परशुराम सेना के सागर संभाग अध्यक्ष विनोद मिश्रा और जिला अध्यक्ष रोहित समेत कई पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को नजरबंद कर दिया। इस कार्रवाई के बाद शहर में...
छतरपुर (राजेश चौरसिया): छतरपुर में दामोदर यादव की प्रस्तावित सभा से पहले पुलिस ने एहतियातन बड़ी कार्रवाई करते हुए परशुराम सेना के सागर संभाग अध्यक्ष विनोद मिश्रा और जिला अध्यक्ष रोहित समेत कई पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को नजरबंद कर दिया। इस कार्रवाई के बाद शहर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
सूत्रों के मुताबिक, दामोदर यादव की सभा के दौरान संभावित विरोध और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने यह कदम उठाया। प्रशासन का कहना है कि शांति व्यवस्था बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों और सभा स्थल के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
विरोध करने वाले गिरफ्तार, नजरबंद
छतरपुर दामोदर यादव की सभा के पहले हिंदू संगठनों के लोगों को पुलिस के द्वारा गिरफ्तार किया जा रहा है। छात्र नेता सत्येंद्र शर्मा को पुलिस ने किया गिरफ्तार किया है तो वहीं परशुरामसेना के संभाग अध्यक्ष विनोद मिश्रा कल्लू को गिरफ्तार कर नजरबंद किया गया है। पुलिस की कार्यवाही लगातार जारी है। बताया जा रहा है कि जिन पदाधिकारियों को नजरबंद किया गया है, उन्हें उनके निवास स्थान पर ही पुलिस निगरानी में रखा गया है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह एहतियातन है और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए की गई है।
वहीं परशुराम सेना के पदाधिकारियों ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए नाराजगी जताई है। उनका आरोप है कि शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार को दबाने के लिए प्रशासन इस तरह की कार्रवाई कर रहा है। फिलहाल प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है। शहर में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन पुलिस की नजर हर गतिविधि पर बनी हुई है।