FIR ठोक दूंगा’ वाले TI पर गिरी गाज, BJP नेता से विवाद के बाद लाइन अटैच

Edited By Himansh sharma, Updated: 28 Aug, 2026 06:21 PM

rewa ti line attached after bjp leader dispute

मध्य प्रदेश के रीवा में भाजपा नेता और सिविल लाइन थाना प्रभारी के बीच हुए विवाद का मामला अब पुलिस विभाग की कार्रवाई तक पहुंच गया है।

रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा में भाजपा नेता और सिविल लाइन थाना प्रभारी के बीच हुए विवाद का मामला अब पुलिस विभाग की कार्रवाई तक पहुंच गया है। भाजपा नेता से तीखी बहस और कथित अभद्र व्यवहार से जुड़े वायरल वीडियो के बाद सिविल लाइन थाना प्रभारी विजय सिंह बघेल को पुलिस लाइन अटैच कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में भी चर्चा तेज हो गई है।दरअसल, कुछ दिन पहले सिविल लाइन थाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में थाना प्रभारी विजय सिंह बघेल और भाजपा नेता बंशीलाल साहू के बीच तीखी नोकझोंक होती दिखाई दे रही थी। बातचीत के दौरान थाना प्रभारी की ओर से भाजपा नेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की बात भी कही गई थी।

नशीली सिरप की कार्रवाई के बाद शुरू हुआ विवाद

मामले की शुरुआत सिविल लाइन थाना पुलिस की एक कार्रवाई से हुई थी। पुलिस ने शहर में आइसक्रीम का ठेला लगाने वाले पंकज साहू को कथित तौर पर नशीली कफ सिरप की 12 शीशियों के साथ पकड़ा था। इसके बाद भाजपा नेता बंशीलाल साहू अपने समर्थकों के साथ मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर थाने पहुंचे। बताया गया कि भाजपा नेता थाने में आवेदन देने पहुंचे थे, लेकिन बाद में वे थाना परिसर के बाहर धरने पर बैठ गए। इसी दौरान थाना प्रभारी विजय सिंह बघेल वहां पहुंचे और दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।

वायरल वीडियो में तीखी बहस

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में दोनों पक्षों के बीच काफी गर्मागर्म बातचीत होती नजर आई। थाना प्रभारी भाजपा नेता को वहां से हटने के लिए कहते दिखाई देते हैं। बातचीत आगे बढ़ने पर मामला एफआईआर की चेतावनी तक पहुंच गया। वीडियो सामने आने के बाद इस पूरे घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी प्रतिक्रिया सामने आई।

वैश्य महासम्मेलन ने IG से की थी शिकायत

घटना के बाद सामाजिक संगठन वैश्य महासम्मेलन की ओर से पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया था। संगठन ने थाना प्रभारी के व्यवहार पर आपत्ति जताते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। वहीं, पुलिस की ओर से पहले यह पक्ष सामने आया था कि नशीली कफ सिरप की कार्रवाई के बाद कुछ लोग पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस का कहना था कि यदि किसी को कार्रवाई पर आपत्ति थी तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत शिकायत या आवेदन दे सकता था।

अब SP ने लिया एक्शन

विवादित वीडियो, शिकायत और पूरे घटनाक्रम के बाद अब सिविल लाइन थाना प्रभारी विजय सिंह बघेल को लाइन अटैच कर दिया गया है। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। फिलहाल इस पूरे प्रकरण में पुलिस विभाग की कार्रवाई को लेकर रीवा में चर्चा बनी हुई है। वहीं, थाना प्रभारी को लाइन अटैच किए जाने के बाद सिविल लाइन थाने की जिम्मेदारी को लेकर भी जल्द नया आदेश जारी होने की संभावना है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!