Edited By Himansh sharma, Updated: 15 Feb, 2026 01:50 PM

एक ओर पूरा देश महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर भगवान शिव की भक्ति में लीन था, वहीं दूसरी ओर मध्यप्रदेश के सीधी जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है।
सीधी। एक ओर पूरा देश महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर भगवान शिव की भक्ति में लीन था, वहीं दूसरी ओर मध्यप्रदेश के सीधी जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कुसमी थाना क्षेत्र में मंदिर जा रहे एक पुजारी की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बन गया है।
मंदिर जाते वक्त घात लगाकर हमला
जानकारी के मुताबिक, तहसील परिसर स्थित हनुमान मंदिर के पुजारी इन्द्रभान द्विवेदी रोज़ की तरह सुबह करीब 8 बजे पूजा-अर्चना के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
हमलावरों ने धारदार हथियार से पुजारी का गला रेत दिया। वार इतना घातक था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए।
त्योहार के दिन हत्या से फूटा लोगों का गुस्सा
महाशिवरात्रि जैसे पावन पर्व पर पुजारी की निर्मम हत्या ने आमजन की भावनाओं को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। कई जगहों पर विरोध और नारेबाजी भी देखने को मिली।
पुलिस जांच में जुटी, संदिग्ध हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही कुसमी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल हत्या की वजह साफ नहीं हो पाई है।
हत्या के पीछे साजिश या पुरानी रंजिश?
पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि हत्या लूट, पुरानी दुश्मनी या किसी साजिश का हिस्सा तो नहीं। अभी तक आरोपियों की पहचान उजागर नहीं की गई है।
कानून व्यवस्था पर उठे सवाल
धार्मिक पर्व के दिन इस तरह की वारदात ने जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों में डर का माहौल है और प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग तेज हो गई है।अब बड़ा सवाल ये है कि क्या पुलिस जल्द आरोपियों को पकड़ पाएगी या फिर यह हत्याकांड भी फाइलों में दबकर रह जाएगा?