Edited By Himansh sharma, Updated: 23 Mar, 2026 03:04 PM

इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि महिला की हत्या उसी के कलयुगी बेटे ने गला घोंटकर की थी।
डबरा (भरत रावत): पिछोर कस्बे के बड़ा बाजार में हिंगलाज माता मंदिर के पास एक वृद्ध महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि महिला की हत्या उसी के कलयुगी बेटे ने गला घोंटकर की थी।
वहीं, आपको बता दें कि मृतका लक्ष्मी रजक, उम्र 70 वर्ष, निवासी बड़ा बाजार हिंगलाज माता मंदिर के पास, अपने घर में संदिग्ध अवस्था में मृत पाई गई थीं। यह घटना 20 मार्च 2026 की रात की है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल को सील किया और जांच शुरू की। जांच के दौरान ‘लास्ट सीन’ थ्योरी, सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीद गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस का शक मृतका के बेटे संजय रजक (उम्र 48 वर्ष) पर गया।
पूछताछ में आरोपी पहले पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी संजय शराब का आदी था और पारिवारिक विवाद, संपत्ति के बंटवारे और अन्य कारणों को लेकर अपनी मां से अक्सर झगड़ा करता था।
घटना वाले दिन भी विवाद बढ़ने पर उसने गुस्से में आकर अपनी मां को धक्का देकर जमीन पर पटक दिया और फिर उनके ही स्टोल से गला घोंटकर निर्मम हत्या कर दी। चश्मदीद गवाह ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी ने रोकने के बावजूद महिला का गला घोंट दिया और बाद में उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गला घोंटने से दम घुटना बताया गया है, जिससे हत्या की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) BNS के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए इस अंधे कत्ल का 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। यह घटना रिश्तों को शर्मसार करने वाली है, जहां एक बेटे ने ही अपनी मां की हत्या कर मानवता को झकझोर कर रख दिया है।