Edited By meena, Updated: 26 Apr, 2026 04:58 PM

मध्य प्रदेश में काफी लंबे समय से प्रतीक्षित राजनीतिक नियुक्तियों का दौर अब तेजी पकड़ता दिख रहा है...
भोपाल : मध्य प्रदेश में काफी लंबे समय से प्रतीक्षित राजनीतिक नियुक्तियों का दौर अब तेजी पकड़ता दिख रहा है। वीरवार से शुरु हुई राजनीतिक नियुक्तियों का अब रफ्तार के साथ ऐलान हो रहा है। भाजपा ने पूरे प्लान के तहत इन नियुक्तियों की घोषणा कर रही है।
राज्य सरकार ने देर शाम दो अहम निगमों में नई नियुक्तियों के आदेश जारी करते हुए पूर्व सांसद केपी यादव को मध्य प्रदेश स्टेट सिविल सप्लाईज कॉपोर्रेशन लिमिटेड का अध्यक्ष नियुक्त किया है, जबकि संजय नगाईच को मध्य प्रदेश वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉपोर्रेशन की कमान सौंपी गई है।
नई नियुक्तियों में अब हो रही इन नामों की चर्चा
नई नियुक्तियों में जिन नामों की चर्चा है उनमें देवास विकास प्राधिकरण के लिए बहादुर सिंह मुकाती, जबलपुर के लिए संदीप जैन, ग्वालियर के लिए मधुसूदन भदौरिया, उज्जैन के लिए रवि सोलंकी और रतलाम के लिए मनोज पोरवाल के नाम शामिल बताए जा रहे हैं। कटनी विकास प्राधिकरण के लिए शशांक श्रीवास्तव, ओरछा विकास प्राधिकरण के लिए अखिलेश अयाची और रीवा से विंध्य विकास प्राधिकरण के लिए पंचूलाल प्रजापति के नाम भी चर्चा में है। हालांकि रीवा से सबसे ज्यादा दावेदार हैं। लेकिन क्षेत्रीय संतुलन को देखते हुए पार्टी चेहरा चुन रही है। वहीं ग्वालियर विकास प्राधिकरण में उपाध्यक्ष पद को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। यहां सुधीर गुप्ता और वेदप्रकाश शिवहरे के नाम सामने आ रहे हैं। हालांकि इन नामों पर फाइनल मुहर शीर्ष नेतृत्व की सहमति के बाद ही लगेगी।
भोपाल-इंदौर प्राधिकरण पर भी हो रही चर्चा
विकास प्राधिकरणों के अलावा निगम-मंडलों में भी नियुक्तियों के नामों को लेकर अटकलें लगाई जा रही है। हालांकि भोपाल विकास प्राधिकरण और इंदौर विकास प्राधिकरण को लेकर तस्वीर अभी साफ नहीं है। इन दोनों बड़े प्राधिकरणों में नियुक्तियों को लेकर शीर्ष स्तर पर मंथन जारी है।