Edited By meena, Updated: 29 Apr, 2026 02:13 PM

बुधवार सुबह सुबह केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह सीएम मोहन यादव से मिलने सीएम हाउस पहुंचे तो प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई। दरअसल, इन दिनों राज्य में राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है....
भोपाल : बुधवार सुबह सुबह केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह सीएम मोहन यादव से मिलने सीएम हाउस पहुंचे तो प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई। दरअसल, इन दिनों राज्य में राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है। इसके साथ ही गेहूं खरीदी और महिला आरक्षण बिल को लेकर भी विपक्ष से सियासी घमासान जारी है। वहीं पार्टी संगठन में प्रदेश कार्यसमिति गठन की कवायद चल रही है। ऐसे में इन दिग्गजों की मुलाकात ने सियासती हल्कों में पारा बढ़ा दिया। खास बात यह कि सीएम मोहन यादव व केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस मुलाकात की सोशल मीडिया पर तस्वीरें भी साझा की है। लेकिन ये नहीं बताया कि मुलाकात की असली वजह क्या रही। हालांकि इस मुलाकात से अटकलों का दौर शुरु हो गया है।
सीएम मोहन ने क्या लिखा-
सीएम मोहन यादव ने मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा- आज भोपाल निवास में माननीय केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान जी से भेंट हुई।
शिवराज सिंह ने लिखा-
वहीं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लिखा- आज भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास पर मध्यप्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री @DrMohanYadav51 जी से सौजन्य भेंट की। इस दौरान विभिन्न विषयों पर सार्थक संवाद हुआ।
प्रदेश कार्यसमिति को लेकर मंथन जारी, कभी भी जारी हो सकती है सूची
मध्य प्रदेश में राजनीतिक नियुक्तियों का दौर जारी है। कई आयोग अध्यक्षों और प्राधिकरणों के अध्यक्षों का ऐलान हो चुका है। अटकलें हैं कि निगम मंडल अध्यक्षों में जहां बीजेपी के प्रशिक्षण शिविर की कवायद चल रही है वहीं प्रदेश कार्यसमिति की घोषणा का भी बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। इस संबंध में पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का बयान भी सामने आया है। उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश की उपस्थिति में प्रदेश कार्यसमिति की जल्द घोषणा के स्पष्ट संकेत दिए हैं।