Edited By Himansh sharma, Updated: 25 Feb, 2026 06:19 PM

मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है।
पन्ना: मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में पन्ना जिले के शाहनगर जनपद पंचायत क्षेत्र के चौपरा गांव में लोकायुक्त सागर की टीम ने एक सरपंच को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों गिरफ्तार किया है।
ग्राम चौपरा के 48 वर्षीय किसान नंदलाल राठौर ने लोकायुक्त सागर में शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव के सरपंच जगत आदिवासी उनसे कपिलधारा योजना के तहत कूप निर्माण कार्य शुरू करवाने के बदले 11 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं। किसान की एक हेक्टेयर कृषि भूमि में सिंचाई की कोई व्यवस्था नहीं थी, जिसके चलते उन्होंने योजना के तहत आवेदन किया था। जनपद पंचायत शाहनगर से कूप निर्माण की स्वीकृति भी मिल चुकी थी, लेकिन कार्य शुरू कराने के नाम पर रिश्वत की मांग की जा रही थी।
जांच में सही पाई गई शिकायत
लोकायुक्त टीम ने शिकायत की गोपनीय जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद 25 फरवरी 2026 को योजना के तहत पहली किस्त के रूप में 5 हजार रुपये देने की योजना बनाई गई।सरपंच ने किसान को जनपद पंचायत शाहनगर कार्यालय के सामने बुलाया। जैसे ही सरपंच ने 5 हजार रुपये रिश्वत के तौर पर लिए, पहले से सादे कपड़ों में मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
लोकायुक्त सागर की टीम ने आरोपी सरपंच के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।प्रदेश में लगातार हो रही लोकायुक्त की कार्रवाई के बावजूद रिश्वतखोरी के मामले सामने आ रहे हैं। हालांकि, इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि भ्रष्टाचार करने वालों पर कानून का शिकंजा कसता रहेगा।