Edited By Vikas Tiwari, Updated: 18 Feb, 2026 02:04 PM

समग्र शिक्षा अभियान के तहत जिले के शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की अपार आईडी (APAR ID) बनाने का कार्य UDISE+ पोर्टल के माध्यम से किया जा रहा है। हालांकि जांच में पाया गया कि कई निजी विद्यालयों में यह प्रक्रिया बेहद धीमी...
बिलासपुर: समग्र शिक्षा अभियान के तहत जिले के शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की अपार आईडी (APAR ID) बनाने का कार्य UDISE+ पोर्टल के माध्यम से किया जा रहा है। हालांकि जांच में पाया गया कि कई निजी विद्यालयों में यह प्रक्रिया बेहद धीमी है। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए जिला प्रशासन ने 15 अशासकीय विद्यालयों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।

नोटिस प्राप्त स्कूलों में लोयला उच्च माध्यमिक विद्यालय, ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल बहतराई, चैतन्य टेक्नो तोरवा, जैन इंटरनेशनल स्कूल, विवेकानंद उच्च माध्यमिक बसहा समेत अन्य संस्थान शामिल हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अपार आईडी निर्माण और आधार प्रविष्टि में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समय सीमा में पूरा करें कार्य
जारी आदेश के अनुसार संबंधित विद्यालयों को निर्धारित समयावधि में अपार आईडी और आधार एंट्री का कार्य पूर्ण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि तय समय में संतोषजनक जवाब या अपेक्षित प्रगति नहीं मिली, तो संबंधित स्कूलों की मान्यता रद्द करने की कार्रवाई की जा सकती है। अधिकारियों का कहना है कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण और विभिन्न शासकीय योजनाओं के सुचारु क्रियान्वयन के लिए अपार आईडी बनाना अनिवार्य है। ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।