दिल्ली में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं का हल्ला बोल, MP के नेता प्रतिपक्ष समेत कई विधायक पुलिस हिरासत में

Edited By Himansh sharma, Updated: 12 Jun, 2026 01:48 PM

congress protests in delhi mp mlas detained by police

मध्य प्रदेश राज्यसभा चुनाव को लेकर उपजा राजनीतिक विवाद अब राष्ट्रीय राजधानी की सड़कों तक पहुंच गया है।

भोपाल। मध्य प्रदेश राज्यसभा चुनाव को लेकर उपजा राजनीतिक विवाद अब राष्ट्रीय राजधानी की सड़कों तक पहुंच गया है। कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में शुक्रवार को दिल्ली में कांग्रेस विधायकों ने राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकालने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोककर हिरासत में ले लिया।

प्रदेश कांग्रेस के नेताओं का कहना है कि राज्यसभा चुनाव प्रक्रिया में लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी हुई है और पार्टी प्रत्याशी के साथ न्याय नहीं किया गया। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस विधायक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात कर अपनी बात रखना चाहते थे। हालांकि राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से मुलाकात के लिए समय उपलब्ध न होने की सूचना दी गई थी।

इसके बावजूद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक और नेता राष्ट्रपति भवन की ओर बढ़े। दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय 24 अकबर रोड के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर मार्च को रोक दिया। प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़ने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने कई नेताओं और विधायकों को हिरासत में ले लिया।

घटनास्थल पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव प्रक्रिया के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कई नेता बैरिकेड पर चढ़कर विरोध जताते नजर आए, जिससे इलाके में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

कांग्रेस का आरोप है कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किया जाना केवल एक प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों पर चोट है। पार्टी अब इस मुद्दे को कानूनी और राजनीतिक दोनों स्तरों पर उठाने की तैयारी में है। राज्यसभा चुनाव से शुरू हुआ यह विवाद अब दिल्ली की राजनीति में भी हलचल पैदा कर चुका है। आने वाले दिनों में इस मामले को लेकर कांग्रेस के तेवर और आक्रामक होने के संकेत मिल रहे हैं।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!