Edited By Desh Raj, Updated: 29 Jun, 2026 10:35 PM

महाकाल की नगरी उज्जैन से एक संगीन मामला सामने आया है। यहां पर एक कांग्रेस नेता की दंबगई देखने को मिली है।
(उज्जैन): महाकाल की नगरी उज्जैन से एक संगीन मामला सामने आया है। यहां पर एक कांग्रेस नेता की दंबगई देखने को मिली है। उज्जैन के महिदपुर में जमीन विवाद के दौरान कांग्रेस नेता ने पिस्टल तान दी और मौके पर सनसनी मचा दी। जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि गोली मार दूंगा। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।
कांग्रेस नेता प्रताप सिंह पर धमकाने का आरोप
दरअसल महिदपुर रोड थाना क्षेत्र में कांग्रेस नेता प्रताप सिंह गुर पर ये संगीन आरोप लगा है। किसान परिवार ने प्रताप सिंह पर पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना का जो वीडियो सामने आया है इसमें कांग्रेस नेता पिस्टल निकालकर गाली गलौज करते और धमकाते नजर भी आ रहे हैं। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सदस्य और जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि प्रताप सिंह गुर पर किसानों को पिस्टल दिखाकर धमकाने का आरोप है। वीडियो में कांग्रेस नेता के हाथों में पिस्टल देखी जा सकती है।
आपको बता दें कि ये पूरा मामला महिदपुर रोड थाना क्षेत्र के डेलची बुजुर्ग गांव का है। शिकायतकर्ता राकेश सेन ने बताया कि घटना 18 जून की है। अपने भाई के साथ वो खेत पर थे, इसी दौरान प्रताप सिंह गुर अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचे और जेसीबी मशीन से जमीन की खुदाई कराने लग गए। जब इसका उन्होंने विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान प्रताप सिंह गुर ने पिस्टल निकालकर तान दी और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित परिवार का कहना है कि मामला भूमि पर कब्जे को लेकर है। विवादित भूमि की राजस्व विभाग द्वारा पहले ही पैमाइश की जा चुकी है और सीमा निर्धारण हो चुका है। लेकिन इसके बाद भी जमीन पर जबरन खुदाई करके अतिक्रमण करने की कोशिश की जा रही है। लिहाजा शिकायत के आधार पर प्रताप सिंह गुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आगे मामले की जांच की जा रही है।