Edited By Vikas Tiwari, Updated: 09 Feb, 2026 05:20 PM

जिले के बिजौली थाना क्षेत्र के खेरियामोदी गांव में दो सगी बहनों से दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी मौसेरा भाई और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। बिजौली थाना पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर दोनों आरोपियों को...
ग्वालियर: जिले के बिजौली थाना क्षेत्र के खेरियामोदी गांव में दो सगी बहनों से दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी मौसेरा भाई और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। बिजौली थाना पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर दोनों आरोपियों को मुरैना से दबोच लिया। मामला शनिवार रात दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने करीब साढ़े चार महीने पहले इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया था। दोनों के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पीड़िताओं की शिकायत में बताया गया है कि आरोपियों ने दुष्कर्म के साथ-साथ उनसे 40 हजार रुपये नकद और चांदी के गहने भी छीने थे। जान से मारने की धमकी देकर दोनों बहनों को चुप रहने के लिए डराया गया। जानकारी के अनुसार, 22 वर्षीय विवाहिता मूल रूप से दतिया जिले की रहने वाली है और उसकी शादी बिजौली क्षेत्र के एक गांव में हुई है। उसका पति पेंटर है और वर्तमान में अहमदाबाद में नौकरी करता है। महिला की एक छोटी बच्ची है, जिसकी देखरेख के लिए उसकी 17 वर्षीय नाबालिग बहन उसके साथ रहती थी।
पीड़िता ने बताया कि उसका मौसेरा भाई पिछले दो सालों से संपर्क में था और कई बार उनके घर आकर रुक चुका था। 26 सितंबर 2025 को दोनों बहनें शीतला माता मंदिर से लौट रही थीं, तभी रास्ते में मौसेरा भाई और उसका दोस्त अमन खान मिले। अंधेरा होने का हवाला देकर सुरक्षा की बात कहते हुए दोनों बहनों को घर छोड़ने आए और रात में घर पर ही रुक गए। रात के समय मौसेरा भाई ने विवाहिता के साथ और उसके दोस्त ने नाबालिग बहन के साथ दुष्कर्म किया। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि इससे पहले भी मौसेरा भाई महिला के साथ गलत हरकत कर चुका था। मामला दर्ज होते ही दोनों आरोपी फरार हो गए थे। मोबाइल सर्विलांस के जरिए उनकी लोकेशन मुरैना में मिली, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। एसडीओपी बेहट मनीष यादव ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।