Edited By meena, Updated: 26 Mar, 2026 02:57 PM

कुंभ में चर्चा में आई मोनालिसा के मामले में उनके पिता जय भोंसले ने उनकी ओर से लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें बेबुनियाद बताया है। जय भोंसले ने कहा कि एक्टिंग की ट्रेनिंग लेने वाली मोनालिसा...
खरगोन: कुंभ में चर्चा में आई मोनालिसा के मामले में उनके पिता जय भोंसले ने उनकी ओर से लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें बेबुनियाद बताया है। जय भोंसले ने कहा कि एक्टिंग की ट्रेनिंग लेने वाली मोनालिसा को अब झूठ बोलने की ट्रेनिंग दी जा रही है। उन्होंने मोनालिसा और उसके पति द्वारा सनोज मिश्रा तथा उनके परिवार पर लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि यह सब सुनने से पहले उन्हें मौत आ जाती तो बेहतर होता। उन्होंने कहा कि सनोज मिश्रा उन्हें बेटी की तरह मानते थे और शूटिंग के दौरान लगभग 80 लोगों की यूनिट मौजूद रहती थी। उनके अनुसार शूटिंग के समय या तो वे स्वयं 24 घंटे साथ रहते थे या फिर परिवार की अन्य महिला सदस्य मोनालिसा के साथ रहती थीं।
देखें वीडियो...
जय भोंसले ने कहा कि मोनालिसा ने पहले हमेशा सनोज मिश्रा की प्रशंसा की और इस तरह के आरोप कभी सामने नहीं आए। उन्होंने सनोज मिश्रा को सम्मानजनक बताते हुए कहा कि उन पर इस प्रकार के आरोप लगाना गलत और अपमानजनक है। उन्होंने फिल्म निर्माण में केवल तीन लाख रुपये खर्च होने के दावे को भी खारिज करते हुए कहा कि इतना खर्च तो यूनिट के आवागमन में ही हो जाता है। उनके अनुसार शूटिंग के लिए नेपाल सहित कई स्थानों पर यात्रा की गई, जिसमें काफी व्यय हुआ।
जय भोंसले ने कहा कि उन्हें लव जिहाद जैसे शब्दों की जानकारी नहीं है, लेकिन उनकी समझ के अनुसार उनकी बेटी के साथ धोखा हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि उज्जैन में ट्रेनिंग के दौरान संबंधित व्यक्ति कम समय के लिए आते थे और प्रगति की जानकारी लेकर चले जाते थे। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि इस स्थिति में क्या करें और वे इस परेशानी से निकलने के लिए सभी से मदद की गुहार लगा रहे हैं।