Edited By meena, Updated: 05 Feb, 2026 08:41 PM

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में भाजपा नेता की दबंगई का मामला सामने आया है। जहां भाजपा नेता दलित युवक के साथ मारपीट करके उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी दी है। साथ ही मोबाइल छीनकर कट्टे....
छतरपुर (राजेश चौरसिया) : मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में भाजपा नेता की दबंगई का मामला सामने आया है। जहां भाजपा नेता दलित युवक के साथ मारपीट करके उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी दी है। साथ ही मोबाइल छीनकर कट्टे से धमकाया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। वहीं अधिकारी मामले की जांच के बाद कार्रवाई की बात कह रहे हैं।
वीडियो वायरल
किशनगढ़ थाना क्षेत्र के किशनगढ़ तालाब का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें भाजपा नेता आशीष रैकवार खुलेआम मारपीट करते और खुद को भाजपा का जिला अध्यक्ष बताते हुए पुलिस से झूठा केस, यहां तक कि “कट्टा लगवाने” की बात करता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद जिले की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब अहिरवार समाज का युवक अच्छू अहिरवार तालाब का वीडियो बना रहा था। इसी बात को लेकर पहले विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हाथापाई और फिर जमकर मारपीट में बदल गया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि तीन लोग युवक को पकड़कर घसीटते हुए मार रहे हैं। बाद में उसे जबरन उठाकर एक वाहन में डालकर ले जाया गया। वीडियो में आशीष रैकवार खुद को भाजपा का बड़ा नेता बताते हुए पुलिस से अपने रसूख का हवाला देता दिखाई देता है। यही नहीं, वह युवक पर झूठा केस दर्ज कराने की बात भी करता सुनाई दे रहा है। इस घटना को दलित समाज के खिलाफ दबंगई और गुंडई से जोड़कर देखा जा रहा है।

जिलाध्यक्ष बोले
मामले को लेकर जब भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रभान सिंह गौतम से बात की गई तो उन्होंने कहा कि आशीष रैकवार भाजपा के मछुआरा प्रकोष्ठ में जिला संयोजक के पद पर पदस्थ है। दलित युवक के साथ मारपीट के सवाल पर जिलाध्यक्ष ने कहा कि उन्हें अभी इस मामले की पूरी जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि पहले पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली जाएगी, उसके बाद ही कोई निर्णय या कार्रवाई की बात की जा सकेगी।
फिलहाल, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस पर भी सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित पक्ष की ओर से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। वहीं, मामले में पुलिस की भूमिका और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
एसडीओपी अजय कुमार रिठौरिया का कहना है कि- एक वीडियो सामने आया है जिसकी हम जांच कर रहे हैं कि मामला कब, क्या और कहां का है। वीडियो और मामले में रिपोर्ट के आधार पर वैधानिक कार्यवाही की जायेगी। अगर फरियादी नहीं भी आता है तो हम फरियादी को बुलाकर उसकी पहचानकर उस पर कार्यवाही करेंगे।
-एसडीओपी बिजावर, अजय कुमार रिठौरिया