Edited By Himansh sharma, Updated: 14 May, 2026 07:13 PM

मध्यप्रदेश राज्य खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम के नवनियुक्त अध्यक्ष और पूर्व सांसद डॉ. केपी यादव पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार गुना जिले के दौरे पर पहुंचे।
गुना (मिसबाह नूर): मध्यप्रदेश राज्य खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम के नवनियुक्त अध्यक्ष और पूर्व सांसद डॉ. केपी यादव पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार गुना जिले के दौरे पर पहुंचे। शहर में प्रवेश करते ही समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान डॉ. यादव का दौरा न केवल राजनीतिक चर्चाओं में रहा, बल्कि उनकी सादगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के पालन को लेकर भी लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा।
डॉ. केपी यादव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया “ईंधन बचाओ” अपील का सम्मान करते हुए स्वयं इलेक्ट्रिक कार चलाकर गुना पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील राष्ट्रहित में है और हम सभी को ईंधन संरक्षण तथा पर्यावरण सुरक्षा के लिए सहयोग करना चाहिए।
गुना कलेक्ट्रेट पहुंचकर डॉ. केपी यादव ने विभागीय अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक का मुख्य एजेंडा समर्थन मूल्य पर हो रही अनाज खरीदी की समीक्षा करना था। डॉ. यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को अनाज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कहीं कोई तकनीकी या प्रशासनिक कमी सामने आती है, तो उसे तत्काल दूर किया जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता किसानों के अनाज का एक-एक दाना पूरी पारदर्शिता के साथ खरीदना है। निगम अध्यक्ष बनने के बाद पहले दौरे पर पहुंचे डॉ. केपी यादव का समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। पूर्व सांसद होने के नाते क्षेत्र में उनकी सक्रियता को देखते हुए इस दौरे को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।