MP के महागजब चोर, लग्जरी गाड़ी में आए, बीच बाजार बकरियों को दाना खिलाकर फुसलाया और 1-1 करके कार में भर फरार

Edited By Desh Raj, Updated: 23 May, 2026 09:25 PM

miscreants fed the goats stole from a car and fled

खंडवा शहर में पशु चोरों ने अब हाईटेक तरीका अपना लिया है। पंधाना रोड स्थित सब्जी मंडी में शनिवार दोपहर फिल्मी स्टाइल में बकरी चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नीले रंग की टाटा अल्ट्रोज कार से आए बदमाशों ने पहले बकरियों को दाना खिलाकर फुसलाया, फिर...

खंडवा (मुश्ताक मंसूरी): खंडवा शहर में पशु चोरों ने अब हाईटेक तरीका अपना लिया है। पंधाना रोड स्थित सब्जी मंडी में शनिवार दोपहर फिल्मी स्टाइल में बकरी चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नीले रंग की टाटा अल्ट्रोज कार से आए बदमाशों ने पहले बकरियों को दाना खिलाकर फुसलाया, फिर एक-एक कर 8 से 10 बकरियों को कार में भरकर फरार हो गए। पूरी वारदात मंडी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है।

घटना शनिवार दोपहर करीब 12 से 12:30 बजे के बीच की है। सब्जी मंडी में रोज की तरह पशुपालकों की बकरियां खुले में घूम रही थीं। इसी दौरान एक नीली अल्ट्रोज कार मंडी में पहुंची। कार में बैठे बदमाशों ने ट्रकों की आड़ लेकर अपनी गाड़ी खड़ी की। फिर दो बदमाश नीचे उतरे और हाथ में दाना लेकर बकरियों को बुलाने लगे।

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि जैसे ही बकरियां दाना खाने पास आईं, एक बदमाश ने फुर्ती से बकरी को उठाया और कार की बीच वाली सीट पर डाल दिया। कार में पहले से बैठे साथी बकरी को पकड़ लेते। इसी तरह 5 से 6 मिनट में बदमाशों ने 8 से 10 बकरियों को कार में ठूंस लिया और तेजी से मौके से निकल गए।

बुरहानपुर नाका निवासी पीड़ित शुभम यादव ने बताया, “मैं रोज बकरियों को मंडी क्षेत्र में छोड़ देता हूं। शाम तक वो खुद घर आ जाती थीं। शनिवार शाम जब बकरियां नहीं लौटीं तो तलाश शुरू की। सीसीटीवी देखा तो पैरों तले जमीन खिसक गई। बदमाश कार से आए और पलभर में बकरियां ले गए। मेरी 8 बकरियां चोरी हुई हैं।”

घटना के बाद सब्जी मंडी के पशुपालकों में दहशत है। लोगों का कहना है कि पहले भी कार से बकरी चोरी की घटनाएं हुई हैं, लेकिन इस बार बदमाशों का तरीका बेहद शातिर था। दाना खिलाकर पशुओं को फंसाना और लग्जरी कार का इस्तेमाल चौंकाने वाला है।

कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार का नंबर ट्रेस किया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। पुलिस शहर के एंट्री-एग्जिट पॉइंट के फुटेज भी खंगाल रही है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!