MP में इस पार्टी के अध्यक्ष के मीडिया सलाहकार ने पूर्व कार्यकर्ता को दी जान से मारने की धमकी, केस दर्ज!

Edited By Himansh sharma, Updated: 22 Oct, 2026 06:18 PM

aimim leader s media advisor accused of threatening ex worker in mp

मध्य प्रदेश के इंदौर में AIMIM से जुड़े एक विवाद के मामले में आजाद नगर थाना पुलिस ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के मीडिया सलाहकार ओवेश रहमानी के खिलाफ केस दर्ज किया है।

इंदौर। (सचिन बहरानी)  मध्य प्रदेश के इंदौर में AIMIM से जुड़े एक विवाद के मामले में आजाद नगर थाना पुलिस ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के मीडिया सलाहकार ओवेश रहमानी के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोप है कि उन्होंने पार्टी के पूर्व कार्यकर्ता और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मोहम्मद आमिर को फोन पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हुआ विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मूसाखेड़ी निवासी मोहम्मद आमिर ने आजाद नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। आमिर का कहना है कि वह वर्ष 2018 से सितंबर 2026 तक AIMIM के लिए काम कर चुके हैं। हालांकि, कुछ समय पहले उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से वह सोशल मीडिया पर विभिन्न मुद्दों को लेकर अपनी बात रखते रहे हैं।

शिकायत के मुताबिक, 17 अक्टूबर की रात आमिर रिंग रोड स्थित एक चाय की दुकान पर अपने दोस्तों के साथ मौजूद थे। इसी दौरान ओवेश रहमानी का फोन आया। आरोप है कि फोन पर रहमानी ने आमिर से प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ सोशल मीडिया पर लिखने और पार्टी की अंदरूनी बातें सार्वजनिक करने को लेकर सवाल किए।

 सबूतों के साथ लिखने की बात पर भड़के, गाली-गलौज का आरोप

मोहम्मद आमिर ने पुलिस को बताया कि बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि वह सोशल मीडिया पर जो भी लिखते हैं, ठोस सबूतों के आधार पर लिखते हैं। आरोप है कि इस जवाब के बाद फोन पर विवाद बढ़ गया और ओवेश रहमानी ने कथित तौर पर उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद आमिर ने मंगलवार को आजाद नगर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

मामले में पुलिस की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल, फोन पर हुई बातचीत और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। मामले में आरोपी का पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे विवाद की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल, यह मामला सोशल मीडिया पर पार्टी से जुड़े मुद्दों को लेकर हुए विवाद और कथित धमकी के आरोपों से जुड़ा है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!