ढाबे पर शराब पार्टी के बाद आपस में भिड़े BJP नेता, जमकर चले लात-घूंसे

Edited By Himansh sharma, Updated: 20 May, 2026 04:58 PM

bjym leaders clash after liquor party in sidhi

मध्य प्रदेश के सीधी जिले से भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) नेताओं का एक विवादित वीडियो सामने आया है, जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है।

सीधी: मध्य प्रदेश के सीधी जिले से भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) नेताओं का एक विवादित वीडियो सामने आया है, जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। वायरल वीडियो में भाजयुमो पदाधिकारी ढाबे पर शराब पार्टी के बाद आपस में मारपीट और गाली-गलौज करते नजर आ रहे हैं। कुछ नेता नशे की हालत में जमीन पर गिरते दिखाई दिए, जबकि उनके साथी उन्हें संभालने के बजाय लात-घूंसे बरसाते नजर आए।

जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला 17 मई की देर रात का बताया जा रहा है। उस दिन भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष के सीधी दौरे के बाद बायपास रोड स्थित सिंघम ढाबा में पार्टी आयोजित की गई थी। देर रात करीब 3 बजे किसी बात को लेकर नेताओं के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर मौजूद अधिकांश लोग शराब के नशे में थे। वायरल वीडियो में नेता लड़खड़ाते और एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। ढाबे पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हैरानी की बात यह है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी किसी पक्ष की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय का कहना है कि पुलिस को अभी तक कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, सूत्रों का दावा है कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के दबाव में मामले को दबाने की कोशिश की गई। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद विपक्ष ने भाजपा पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि अनुशासन और संस्कार की बात करने वाले नेताओं की यह तस्वीर आखिर जनता को क्या संदेश दे रही है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!