Edited By Himansh sharma, Updated: 27 Apr, 2026 09:26 PM

मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले की ग्राम पंचायत डोंगरवाड़ा में नए स्थानापन्न सरपंच के चयन के लिए सोमवार को प्रस्तावित विशेष सम्मेलन अचानक स्थगित कर दिया गया। पं
नर्मदापुरम: मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले की ग्राम पंचायत डोंगरवाड़ा में नए स्थानापन्न सरपंच के चयन के लिए सोमवार को प्रस्तावित विशेष सम्मेलन अचानक स्थगित कर दिया गया। पंचायत सचिव पुरानलाल बानियां की तबीयत सुबह अचानक खराब हो जाने के कारण बैठक आयोजित नहीं हो सकी। इससे पंचायत में नए सरपंच के चयन का इंतजार कर रहे पंचों और ग्रामीणों को फिलहाल कुछ और दिन प्रतीक्षा करनी पड़ेगी। दरअसल, ग्राम पंचायत डोंगरवाड़ा के सरपंच माखन पिता घूड़िया कीर को तत्कालीन कलेक्टर सोनिया मीना ने 16 मार्च 2026 को एक वर्ष के लिए जिलाबदर कर दिया था। उनके जिलाबदर होने के बाद पंचायत में सरपंच का पद रिक्त हो गया, जिसके चलते प्रशासनिक कार्यों को सुचारु रूप से चलाने के लिए स्थानापन्न सरपंच का चयन जरूरी हो गया था।
मध्यप्रदेश पंचायतराज अधिनियम 1993 की धारा 38 के तहत जनपद पंचायत सीईओ रंजीत ताराआम ने 23 अप्रैल को पंचायत सचिव को निर्देश जारी करते हुए तीन दिनों के भीतर विशेष सम्मेलन बुलाकर पंचों के माध्यम से स्थानापन्न सरपंच का चयन करने को कहा था। निर्देश में यह भी स्पष्ट किया गया था कि चयन उसी वर्ग से किया जाए, जिसके लिए सरपंच पद आरक्षित है।
27 अप्रैल को दोपहर 12 बजे पंचायत भवन में यह विशेष सम्मेलन आयोजित होना था, लेकिन उससे पहले पंचायत सचिव पुरानलाल बानियां ने अपनी अस्वस्थता का हवाला देते हुए जनपद पंचायत को पत्र भेजकर बैठक स्थगित करने का अनुरोध किया। उन्होंने पत्र में लिखा कि स्वास्थ्य खराब होने के कारण वे सम्मेलन संचालित करने की स्थिति में नहीं हैं। साथ ही ग्राम कोटवार के माध्यम से बैठक स्थगित होने की सूचना संबंधित पंचों और ग्रामीणों तक पहुंचाई गई।
जनपद पंचायत के प्रभारी पीबीओ रेवा शंकर लोवंशी ने बताया कि सरपंच माखन कीर के जिलाबदर होने के कारण पंचायत में यह स्थिति बनी है। सोमवार को स्थानापन्न सरपंच का चयन होना था, लेकिन सचिव की तबीयत खराब होने से प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। अब दो से चार दिन के भीतर दोबारा विशेष सम्मेलन बुलाकर चयन प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
उधर, सरपंच चयन को लेकर संभावित विवाद और अशांति की आशंका को देखते हुए जनपद पंचायत सीईओ ने पहले ही देहात थाने को पत्र लिखकर पंचायत भवन में पुलिस बल तैनात करने का अनुरोध किया था, ताकि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। अब नई तारीख तय होने के बाद एक बार फिर प्रशासनिक तैयारी की जाएगी।