Edited By Desh Raj, Updated: 09 Jul, 2026 11:20 PM

कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने एक बार फिर लापरवाह अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक में कई सीएमओ और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
छतरपुर (राजेश चौरसिया) :कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने एक बार फिर लापरवाह अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक में कई सीएमओ और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0, अमृत 2.0, मुख्यमंत्री अधोसंरचना, पीएम स्वनिधि, राजस्व वसूली, कायाकल्प, जर्जर भवन और आवारा पशुओं सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।
प्रधानमंत्री आवास योजना में बेहद धीमी प्रगति और जियो टैगिंग में लापरवाही मिलने पर कलेक्टर ने छतरपुर, नौगांव, महाराजपुर और लवकुशनगर के सीएमओ तथा संबंधित आवास प्रभारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। वहीं हरपालपुर सीएमओ का वेतन रोकने और पीएम स्वनिधि योजना में खराब प्रदर्शन पर वेतन वृद्धि रोकने, जबकि घुवारा सीएमओ की वेतन वृद्धि रोकने के आदेश भी दिए।
अमृत 2.0 के तहत नगर पालिका छतरपुर में टंकी और बंड निर्माण की धीमी प्रगति पर उपयंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। नौगांव में भंडार नदी के कायाकल्प के लिए नया टेंडर कराने के आदेश दिए गए।
राजनगर में थनेरा तालाब, मधुवन वाटिका पार्क सहित दो साल से अधूरे कार्यों पर कारण बताओ नोटिस जारी कर जांच दल गठित करने को कहा गया। वहीं खजुराहो में प्रेमसागर और ननौरा तालाब के सौंदर्यीकरण कार्यों की भी जांच कराने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने घुवारा के बड़े तालाब के घाट और पार्क निर्माण की जानकारी नहीं मिलने पर संबंधित निर्माण फाइल तलब कर ली। राजनगर और बड़ामलहरा सीएमओ द्वारा गलत तथ्य प्रस्तुत करने तथा योजनाओं में संतोषजनक प्रगति नहीं मिलने पर उनके प्रोबेशन पीरियड बढ़ाने के लिए प्रमुख सचिव को पत्र भेजने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने सभी निकायों को आवारा पशुओं की मैपिंग कर उन्हें गौशालाओं में भेजने, बारिश के दौरान खराब सड़कों की तत्काल मरम्मत, नालों की सफाई, जर्जर भवनों का दोबारा सर्वे, अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई तथा व्यापक पौधरोपण अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।