Edited By meena, Updated: 07 Sep, 2026 02:36 PM

मध्य प्रदेश की चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर सियासत लगातार गरमाती जा रही है। स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार और उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला के इस्तीफे की मांग को लेकर...
रीवा (गोविंद सिंह) : मध्य प्रदेश की चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर सियासत लगातार गरमाती जा रही है। स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार और उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन में अब पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी रीवा पहुंच गए हैं। दिग्विजय सिंह ने धरना स्थल से सरकार और स्वास्थ्य मंत्री पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अपने गृह जिले और अपनी विधानसभा की स्वास्थ्य व्यवस्था नहीं सुधार सकते, तो उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
रीवा में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर सियासत लगातार गरमाती जा रही है। गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल में जच्चा-बच्चा की मौत के बाद से कल्पना मिश्रा के पिता अपनी मांगों को लेकर आमरण अनशन पर बैठे हैं। मामले के बाद संजय गांधी अस्पताल और श्याम शाह मेडिकल कॉलेज में कई कार्रवाई हुईं, लेकिन आंदोलन अब भी जारी है।
कांग्रेस लगातार उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला के इस्तीफे की मांग कर रही है। इसी बीच संजय गांधी अस्पताल में जीवित व्यक्ति को मृत घोषित करने का मामला सामने आने के बाद जमकर हंगामा हुआ और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
इसी आंदोलन के समर्थन में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह बीती रात रीवा पहुंचे और रेलवे स्टेशन से सीधे धरना स्थल पर जाकर प्रदर्शन में शामिल हुए। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि जब स्वास्थ्य मंत्री अपने गृह जिले और विधानसभा की स्वास्थ्य व्यवस्था नहीं सुधार सकते, तो उन्हें प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था संभालने का नैतिक अधिकार नहीं है। दिग्विजय सिंह ने राजेंद्र शुक्ला के इस्तीफे की मांग की।