Edited By Vikas kumar, Updated: 22 Sep, 2019 12:47 PM
बीते दिन दिग्विजय सिंह ने नगरीय एवं प्रशासन मंत्री जयवर्द्धन सिंह को पत्र लिखकर रायसेन रोड पर स्थित कंकाली माता मंदिर के पास बनने जा रहे बूचड़खाना पर रोक लगाने की मांग की थी। जिसके बाद मंत्री जयवर्धन सिंह ने ट्वीट कर कहा कि जब तक मैं इस पद पर हूं...
भोपाल (इजहार हसन खान): बीते दिन दिग्विजय सिंह ने नगरीय एवं प्रशासन मंत्री जयवर्द्धन सिंह को पत्र लिखकर रायसेन रोड पर स्थित कंकाली माता मंदिर के पास बनने जा रहे बूचड़खाना पर रोक लगाने की मांग की थी। जिसके बाद मंत्री जयवर्धन सिंह ने ट्वीट कर कहा कि जब तक मैं इस पद पर हूं बूचड़खाना नही बन सकता।
दरअसल, दिग्विजय सिंह के पत्र पर जयवर्धन सिंह ने ट्वीट कर लिखा कि दाता की चिंता उचित है बीजेपी लाख प्रयास कर ले, जब तक जयवर्धन सिंह इस पद पर है और कांग्रेस की सरकार है तब तक कंकाली मंदिर क्षेत्र (भोपाल) में बूचड़खाना नहीं बन सकता है। इस बूचड़खाने की योजना शिवराज सिंह जी ने बनाई थी और बीजेपी शासित भोपाल नगरनिगम ने इस प्रस्ताव को पारित किया था।
दिग्विजय सिंह ने पत्र लिखकर की थी ये मांग
दिग्विजय ने पत्र मे लिखा था कि पिछली शिवराज सरकार ने वर्तमान में सुभाष नगर के पास बने स्लाटर हाउस को कंकाली मंदिर के पास आदमपुर छावनी में स्थापित करने का फैसला लिया था। जिसका विपक्ष में रहते हुए कांग्रेस ने विरोध किया था, इसके लिए कई आंदोलन और प्रदर्शन भी किए थे और सरकार ने स्लाटर हाउस बनाने का काम टाल दिया था। लेकिन 2017 में भोपाल महापौर आलोक शर्मा और तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने धार्मिक भावनाओं को दरकिनार करते हुए इस प्रस्ताव औऱ डीपीआर को स्वीकृति दे दी है। जिसके तहत भाजपा शासित नगर निगम ने आदमपुर छावनी में इसका काम शुरु कर दिया है।
दिग्विजय ने आगे लिखा है कि भोपाल के पास रायसेन रोड पर बिलखिरिया स्थित कंकाली मंदिर सिर्फ भोपाल ही नही बल्कि पूरे मध्यप्रदेश का आस्था का केन्द्र है। हर साल नवरात्री पर यहां लाखों श्रद्धालु आते है।इस मंदिर के रास्ते पर और भी कई मंदिर (श्रीराम मंदिर, श्रीकृष्ण मंदिर, दादा धाम) स्थित है। ऐसे में इसका यह निर्माण करवाना ठीक नही।इससे लोगों में आक्रोश है। दिग्विजय ने मांग की है कि इसके निर्माण पर रोक लगाई जाए और इसे कही और शिफ्ट किया जाए, ताकी जनभावनाओं को ठेस ना पहुंचे।