सफेद बोलेरो, लाल नेमप्लेट और काले कारनामे: भाजपा 'विधानसभा प्रभारी' लिखी गाड़ी में डोडाचूरा जब्त, भाजपा नेता गिरफ्तार

Edited By meena, Updated: 11 Aug, 2026 09:16 PM

doda chura seized from a vehicle marked  bjp assembly in charge  bjp leader arr

सत्ता की हनक, चमचमाती सफेद बोलेरो, बंपर पर लगी सत्तारूढ़ दल की धौंस जमाती लाल नेमप्लेट और उस नेमप्लेट की आड़...

नीमच (मूलचंद खींची) : सत्ता की हनक, चमचमाती सफेद बोलेरो, बंपर पर लगी सत्तारूढ़ दल की धौंस जमाती लाल नेमप्लेट और उस नेमप्लेट की आड़ में चल रहा नशे का काला कारोबार! मध्य प्रदेश के नीमच जिले में नारकोटिक्स विंग ने एक ऐसी ही बड़ी साजिश का भंडाफोड़ किया है, जिसने क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा दी है। विंग ने मनासा क्षेत्र में सक्रिय एक भाजपा नेता को 45 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा की तस्करी करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

नेमप्लेट की धौंस... ताकि पुलिस न हाथ लगाए

नारकोटिक्स विंग की गिरफ्त में आए आरोपी की पहचान मनासा थाना क्षेत्र के ग्राम चपलाना निवासी ईश्वर लाल राठौर के रूप में हुई है। आरोपी कोई छोटा-मोटा मोहरा नहीं, बल्कि सत्ताधारी दल भाजपा में अच्छी पैठ रखता है। उसकी चालाकी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसने अपनी बोलेरो गाड़ी (MP 09 WB 7163) के बंपर पर 'विधानसभा प्रभारी सह. प्रकोष्ठ भाजपा मनासा' की चमचमाती हुई लाल नेमप्लेट लगा रखी थी। पुलिस की चैकिंग से बचने के लिए आरोपी ने गाड़ी के आगे भाजपा का चुनावी प्रतीक 'कमल का फूल' भी छपा हुआ था।

काले कांच की आड़ में 45 किलो 'मौत का सामान'

नेमप्लेट के साथ-साथ नेताजी ने सुरक्षा एजेंसियों की आंखों में धूल झोंकने के लिए गाड़ी में अवैध रूप से गहरे काले कांच लगा रखे थे। नारकोटिक्स विंग के प्रभारी तेजेन्द्र सिंह सेंगर को मुखबिर से पुख्ता इनपुट मिला था कि विधानसभा प्रभारी की इसी लाल तख्ती वाली गाड़ी में डोडाचूरा की एक बड़ी खेप स्थानीय तस्करों को सप्लाई करने के लिए ले जाई जा रही है।

सूचना पर विंग प्रभारी ने तत्काल विशेष टीम तैयार की और चपलाना गांव के नजदीक तगड़ी नाकाबंदी कर दी। जैसे ही यह संदिग्ध सफेद बोलेरो आती दिखाई दी, टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे चारों तरफ से घेर लिया। जब गाड़ी के पिछले हिस्से की तलाशी ली गई तो विंग के अधिकारी भी सन्न रह गए। गाड़ी के भीतर 45 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा ठंसा हुआ था। विंग ने तत्काल मादक पदार्थ के साथ भाजपा नेता ईश्वर लाल राठौर को हिरासत में ले लिया और धौंस जमाने वाली बोलेरो गाड़ी को भी जब्त कर लिया।

चेन खंगालने में जुटी विंग: तीन और पर केस दर्ज

पकड़े जाने के बाद जब नारकोटिक्स विंग ने आरोपी भाजपा नेता से कड़ाई से पूछताछ की, तो इस पूरे रैकेट की कड़ियां खुलने लगीं। आरोपी ने कबूला कि यह माल आसपास के ग्रामीण इलाके से ही लोड किया गया था और वह इसे स्थानीय स्तर पर ही किसी बड़े तस्कर को सौंपने जा रहा था।

नारकोटिक्स विंग ने इस मामले में केवल मुख्य आरोपी को पकड़कर इतिश्री नहीं की है। नशे के इस पूरे नेटवर्क को जड़ से उखाड़ने के लिए विंग ने सख्त कदम उठाया है। पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए तीन अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया है—जिसमें डोडाचूरा देने वाला (सप्लायर), इसे लोड करवाने में मदद करने वाला बिचौलिया और जिसकी कस्टडी में यह माल डिलीवर होना था (रिसीवर) शामिल हैं। फिलहाल पुलिस इन फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!