Edited By Vikas Tiwari, Updated: 15 Feb, 2026 07:40 PM

16 से 20 फरवरी 2026 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने जा रहे इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट-2026 में मध्यप्रदेश अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगा। प्रदेश का विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग प्रदर्शनी हॉल-4, प्रथम तल, बूथ क्रमांक 4F32 एवं 4F34 में...
भोपाल: 16 से 20 फरवरी 2026 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने जा रहे इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट-2026 में मध्यप्रदेश अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगा। प्रदेश का विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग प्रदर्शनी हॉल-4, प्रथम तल, बूथ क्रमांक 4F32 एवं 4F34 में “मध्यप्रदेश पैवेलियन” स्थापित कर राज्य के एआई-सक्षम शासन मॉडल, डीप-टेक नवाचार और स्टार्टअप आधारित समाधानों का प्रदर्शन करेगा। प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होगी।
यह सहभागिता 15 जनवरी 2026 को भोपाल में आयोजित रीजनल एआई इम्पैक्ट कॉन्फ्रेंस के बाद हो रही है, जहां मध्यप्रदेश ने स्वास्थ्य, कृषि, ग्रामीण विकास, शहरी प्रशासन, औद्योगिक स्वचालन और डिजिटल गवर्नेंस में एआई के प्रभावी उपयोग का प्रदर्शन किया था।
स्वास्थ्य से ग्राम पंचायत तक एआई का विस्तार
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन टीबी जोखिम पूर्वानुमान, मल्टीमॉडल टीबी स्क्रीनिंग, मातृ एवं नवजात स्वास्थ्य के लिए संवादात्मक एआई समाधान और एआई-सहायित रेडियोलॉजी निर्णय समर्थन प्रणाली प्रस्तुत करेगा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग मनरेगा के लिए एआई-चालित जिला प्रदर्शन प्रतिवेदन प्रणाली प्रदर्शित करेगा, जो लाइव डेटा को केपीआई बेंचमार्किंग और एआई-जनित विश्लेषण में बदलकर जमीनी स्तर पर पारदर्शिता मजबूत करती है। शहरी प्रशासन एवं विकास संचालनालय एमपी अर्बन लॉकर, जेनरेटिव एआई आधारित जीआईएस गरुड़ लैब, एआई-सक्षम फ्लीट एवं ईंधन प्रबंधन प्रणाली और ई-नगर पालिका एकीकरण ढांचा प्रदर्शित करेगा।
पर्यटन और स्टार्टअप नवाचार भी आकर्षण
मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड होलोग्राफिक डिस्प्ले, महाकाल दर्शन अनुभव, इंटरैक्टिव डिजिटल कियोस्क और वीआर आधारित 360 डिग्री पर्यटन प्लेटफॉर्म प्रस्तुत करेगा। एमपीएसईडीसी की एआई पहलें संप्रभु एआई, स्टार्टअप इनक्यूबेशन, डिजिटल गवर्नेंस प्लेटफॉर्म और डीप-टेक निवेश भी केंद्र में रहेंगी। भोपाल, इंदौर और ग्वालियर सहित अन्य नवाचार केंद्रों से स्टार्टअप्स संप्रभु एआई प्लेटफॉर्म, बहुभाषी डिजिटल अवतार, टेली-फिजियोथेरेपी, वरिष्ठ नागरिकों के लिए एआई एजेंट, डिजिटल ट्विन, कृषि निदान प्रणाली, रोबोटिक्स और जेनरेटिव एआई समाधान प्रस्तुत करेंगे। भारत मंडपम में मध्यप्रदेश पैवेलियन सार्वजनिक स्वास्थ्य, कृषि, औद्योगिक स्वचालन और उभरती प्रौद्योगिकियों को समाहित करते हुए राज्य के समग्र एआई पारिस्थितिकी तंत्र का प्रतिनिधित्व करेगा। इस पहल के जरिए प्रदेश स्वयं को एआई-आधारित शासन और आर्थिक परिवर्तन की दिशा में अग्रसर टियर-2 प्रौद्योगिकी नेतृत्वकर्ता के रूप में स्थापित कर रहा है।