सैकड़ों ग्रामीणों ने मक्का प्लांट पर किया हमला! जमकर की तोड़फोड़, लाखों का नुकसान, फैला तनाव

Edited By meena, Updated: 13 Feb, 2026 01:06 PM

hundreds of villagers attacked a maize plant causing widespread vandalism caus

छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के कोकोड़ी गांव में ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और लंबे समय से हो रही लापरवाही के चलते करीब 800 ग्रामीणों ने मां दंतेश्वरी मक्का प्रसंस्करण प्लांट पर धावा बोल दिया...

कोंडागांव : छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के कोकोड़ी गांव में ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और लंबे समय से हो रही लापरवाही के चलते करीब 800 ग्रामीणों ने मां दंतेश्वरी मक्का प्रसंस्करण प्लांट पर धावा बोल दिया। घटना गुरुवार देर रात की है, जिससे इलाके में हालात तनावपूर्ण हो गए। आक्रोशित भीड़ ने प्लांट परिसर में खड़ी कार, ट्रैक्टर समेत अन्य वाहनों में तोड़फोड़ की। घटना में करीब 10 -20 लाख रुपये तक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

इस वजह से भड़के ग्रामीण

ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट से निकलने वाला तरल अपशिष्ट उनके खेतों तक पहुंच रहा है, जिससे फसलों को भारी क्षति हो रही है। किसानों का कहना है कि रासायनिक अवशेषों के कारण पैदावार प्रभावित हो रही है और खेतों की उर्वरता पर भी असर पड़ा है। साथ ही बदबू और गंदगी से गांव का दैनिक जीवन भी प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने इसे स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बताया है।

लंबे समय से चल रहा था विरोध

स्थानीय लोगों के मुताबिक, वे पिछले कई महीनों से प्रशासन और प्लांट प्रबंधन को लिखित शिकायतें दे रहे थे। कई बार धरना-प्रदर्शन भी किया गया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। ग्रामीणों का कहना है कि अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर किए गए दावे जमीन पर प्रभावी नहीं दिखे, जिससे नाराजगी बढ़ती गई और आखिरकार यह विरोध उग्र हो गया।

पहले भी उठ चुके हैं सवाल

ग्रामीणों ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी प्लांट के प्रदूषण को लेकर विरोध दर्ज कराया गया था। उनका आरोप है कि अपशिष्ट निस्तारण की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण खेतों और जल स्रोतों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। किसानों ने स्थायी समाधान और पर्यावरणीय मानकों के पालन की मांग की है।

प्रशासन ने शुरू की जांच

घटना के बाद प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है, साथ ही प्लांट से निकलने वाले अपशिष्ट की वैज्ञानिक जांच के आदेश भी दिए गए हैं। अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है और निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। फिलहाल कोकोड़ी गांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। प्रशासन हालात पर नजर रखे हुए है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!