सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री से की मुलाकात, रायपुर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय दर्जा की रखी मांग

Edited By Vandana Khosla, Updated: 14 Aug, 2026 12:35 PM

mp brijmohan agrawal met the union civil aviation minister and

नई दिल्ली/रायपुर (पुष्पेंद्र सिंह): रायपुर लोकसभा सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू  से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में हवाई सेवाओं और विमानन अधोसंरचना के विस्तार से...

नई दिल्ली/रायपुर (पुष्पेंद्र सिंह): रायपुर लोकसभा सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू  से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में हवाई सेवाओं और विमानन अधोसंरचना के विस्तार से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का दर्जा देने तथा बिलासपुर के बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट के उन्नयन के लिए ₹300 करोड़ के विशेष केंद्रीय अनुदान की मांग को लेकर केंद्रीय मंत्री को पत्र सौंपा।

अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ तेजी से आर्थिक, औद्योगिक और पर्यटन के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। ऐसे में राज्य में मजबूत और बेहतर हवाई कनेक्टिविटी समय की आवश्यकता है। रायपुर का स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि ओडिशा, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों के लिए भी महत्वपूर्ण हवाई केंद्र है। वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिए यात्रियों को दिल्ली, मुंबई या हैदराबाद जैसे शहरों के माध्यम से जाना पड़ता है, जिससे समय और अतिरिक्त खर्च दोनों बढ़ते हैं।

PunjabKesari

उन्होंने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर को शीघ्र अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का दर्जा प्रदान करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा रायपुर से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन की प्रक्रिया को गति दी जाए। सांसद ने कहा कि इससे छत्तीसगढ़ की देश और दुनिया से सीधी कनेक्टिविटी मजबूत होगी तथा व्यापार, उद्योग, निवेश, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बिलासपुर के बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट के उन्नयन का विषय भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने एयरपोर्ट को 3C से 4C श्रेणी में उन्नत करने के लिए ₹300 करोड़ के विशेष केंद्रीय अनुदान की मांग की। उन्होंने बताया कि यह एयरपोर्ट छत्तीसगढ़ के 14 जिलों के साथ-साथ मध्यप्रदेश के 3 समीपवर्ती जिलों के लोगों के लिए भी महत्वपूर्ण हवाई सुविधा का केंद्र है।

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित राशि से एयरपोर्ट के रनवे को वर्तमान 1,500 मीटर से बढ़ाकर 2,885 मीटर किया जाना है। इसके साथ ही नए एटीसी टावर और आधुनिक यात्री टर्मिनल का निर्माण भी प्रस्तावित है। इन सुविधाओं के विकसित होने से बड़े विमानों के संचालन की क्षमता बढ़ेगी और बिलासपुर क्षेत्र में हवाई कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी।

अग्रवाल ने केंद्रीय मंत्री से दोनों प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर प्रक्रिया को शीघ्र आगे बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में हवाई अधोसंरचना का विस्तार केवल यात्रियों की सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राज्य के समग्र आर्थिक विकास और नए निवेश के लिए भी महत्वपूर्ण आधार तैयार करेगा।

सांसद ने कहा कि रायपुर को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से जोड़ना और बिलासपुर एयरपोर्ट को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करना छत्तीसगढ़ के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में हवाई कनेक्टिविटी को और मजबूत बनाने के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं।
 

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!