Edited By Himansh sharma, Updated: 15 Feb, 2026 01:18 PM

मध्य प्रदेश कैडर के 2014 बैच के आईएएस अधिकारी अवि प्रसाद इन दिनों अपनी प्रशासनिक उपलब्धियों से ज्यादा निजी जीवन को लेकर सुर्खियों में हैं।
भोपाल: मध्य प्रदेश कैडर के 2014 बैच के आईएएस अधिकारी अवि प्रसाद इन दिनों अपनी प्रशासनिक उपलब्धियों से ज्यादा निजी जीवन को लेकर सुर्खियों में हैं। वैलेंटाइन डे से ठीक तीन दिन पहले उन्होंने तीसरी शादी कर सबको चौंका दिया। अवि प्रसाद ने 2017 बैच की आईएएस अधिकारी और वर्तमान में राज्य मंत्रालय में डिप्टी सेक्रेटरी के पद पर पदस्थ अंकिता धाकरे से विवाह किया। खास बात यह है कि उनकी दोनों पूर्व पत्नियां भी आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में कलेक्टर के पद पर तैनात हैं।
प्रशासनिक करियर की चमक
आईएएस अवि प्रसाद मध्यप्रदेश के कई जिलों में कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ रह चुके हैं। वर्तमान में वे मध्यप्रदेश रोजगार गारंटी परिषद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) के रूप में पदस्थ हैं। उज्जैन जिले के बड़नगर में पदस्थापना के दौरान महज 8 महीने में 1100 दिव्यांगजनों को फ्री मेडिक्लेम पॉलिसी का लाभ दिलाकर उन्होंने पूरे देश में इस मॉडल की पहचान बना दी थी।
IPS से IAS तक का सफर
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले अवि प्रसाद ने उच्च शिक्षा के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की। वे पहले भारतीय रिज़र्व बैंक में मैनेजर बने और वहीं रहते हुए यूपीएससी की तैयारी जारी रखी।
वर्ष 2013 में उनका चयन आईपीएस में हुआ, जबकि यूपीएससी 2014 परीक्षा में उन्होंने 13वीं रैंक हासिल कर आईएएस कैडर पाया।
राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़ा परिवार
अवि प्रसाद ने राजनीति को बेहद करीब से देखा है। उनके दादा टम्बेश्वर प्रसाद उर्फ बच्चा बाबू, पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की सरकार में मंत्री रह चुके हैं। यही कारण है कि प्रशासनिक फैसलों में वे राजनीतिक दबाव से दूरी बनाए रखने के लिए जाने जाते हैं।
पहले दो विवाह भी रहे चर्चा में
दिल्ली में सिविल सेवा की तैयारी के दौरान अवि प्रसाद की नजदीकियां आईएएस अधिकारी रिजु बाफना से बढ़ीं और दोनों ने विवाह किया, लेकिन कुछ वर्षों बाद दोनों का तलाक हो गया। वर्तमान में रिजु बाफना शाजापुर की कलेक्टर हैं। इसके बाद उन्होंने आईएएस अधिकारी मिशा सिंह से विवाह किया। मिशा सिंह ने विवाह के बाद एमपी कैडर लिया, लेकिन करीब चार साल बाद दोनों के रास्ते अलग हो गए। वर्तमान में मिशा सिंह रतलाम की कलेक्टर हैं।
कूनो नेशनल पार्क में तीसरी शादी
11 फरवरी को अवि प्रसाद ने कूनो राष्ट्रीय उद्यान में अंकिता धाकरे के साथ सात फेरे लिए। शादी बेहद निजी समारोह में हुई, लेकिन खबर सामने आते ही यह सोशल मीडिया और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बन गई।