Edited By Himansh sharma, Updated: 04 Feb, 2026 07:01 PM

गुना सांसद और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया इन दिनों अशोकनगर जिले में सक्रिय हैं।
अशोकनगर। गुना सांसद और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया इन दिनों अशोकनगर जिले में सक्रिय हैं। मंगलवार रात उनका दौरा चंदेरी पहुंचा, जहां उन्होंने पहले पूर्व विधायक डग्गी राजा और फिर मलकीत सिंह संधू के घर जाकर आम जनता और स्थानीय नेताओं से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान एक मजेदार नज़ारा भी देखने को मिला। चंदेरी के विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी खाने के दौरान मिठाई में इतने मग्न थे कि केंद्रीय मंत्री ने उन्हें टोका। सिंधिया ने हंसते हुए कहा, शक्कर जहर है, इससे बीमारियां बढ़ती हैं। आपको शुगर है, तो यह बिल्कुल न खाइए।
विधायक ने स्वीकार किया कि उन्हें शुगर की समस्या है। इसके जवाब में सिंधिया ने सलाह दी कि प्राकृतिक मिठास खाएं, लेकिन शुगर से दूरी बनाए रखें। उन्होंने कहा, शुगर आपके शरीर के अंगों को धीरे-धीरे नुकसान पहुँचाती है। जितना कम खाएं, उतना बेहतर है। इस दौरान मेहमानों के लिए मक्के की रोटी और सरसों का साग भी परोसा गया।
गौरतलब है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने संसदीय क्षेत्र में हमेशा सक्रिय रहते हैं। हाल ही में उनके दौरे के दौरान युवाओं की शिकायत पर प्लेग्राउंड से अतिक्रमण हटवाया गया था। इस तरह का अंदाज और स्वास्थ्य पर जोर देने वाला संदेश स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।