Edited By Himansh sharma, Updated: 16 Feb, 2026 11:59 AM
बलरामपुर: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के हंसपुर गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कुसमी एसडीएम और नायब तहसीलदार पर ग्रामीणों के साथ बेरहमी से मारपीट करने का गंभीर आरोप सामने आया। इस घटना में एक ग्रामीण की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल अस्पताल में भर्ती हैं। मामला कुसमी थाना क्षेत्र का है।
अवैध बक्साइट उत्खनन की जांच के दौरान विवाद
जानकारी के मुताबिक, कुसमी एसडीएम करुण डहरिया और नायब तहसीलदार पारस शर्मा राजस्व टीम के साथ हंसपुर गांव में अवैध बक्साइट उत्खनन की जांच के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान सरना के पास तीन ग्रामीण टीम से मिले। आरोप है कि अधिकारियों और उनके साथ मौजूद स्थानीय युवकों ने ग्रामीणों को डंडों और लात-घूंसों से पीटा।
इलाज के दौरान एक ग्रामीण की मौत
मारपीट में घायल राम नरेश राम (60) को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, अजीत उरांव (60) और आकाश अगरिया (20) घायल हैं और उनका इलाज जारी है।
घायलों का आरोप – खेत से लौटते समय रोका गया
घायलों का कहना है कि वे गेहूं के खेत में पानी पटाकर रात करीब 8 बजे लौट रहे थे। इसी दौरान एसडीएम की गाड़ी और एक अन्य वाहन में सवार लोगों ने उन्हें रोककर पूछताछ की और अचानक मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद तीनों को जबरन गाड़ी में बैठाकर कुसमी ले जाया जा रहा था। रास्ते में राम नरेश राम की हालत बिगड़ गई।
इलाके में तनाव, अस्पताल और थाने में पुलिस बल तैनात
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई है। एहतियात के तौर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी और कुसमी थाना परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
अधिकारी और युवक राजपुर थाने में रखे गए
सूत्रों के मुताबिक, कुसमी एसडीएम, नायब तहसीलदार और मारपीट में शामिल बताए गए स्थानीय युवकों को राजपुर थाने में रखा गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
अवैध उत्खनन और ट्रक पकड़ने से जुड़ा है मामला
बताया जा रहा है कि गांव में अवैध बक्साइट उत्खनन हो रहा था। ग्रामीणों ने एक बक्साइट लोड ट्रक पकड़ा था, जिसके बाद ब्लैकमेलिंग की चर्चा भी सामने आई। इसी सूचना पर राजस्व टीम मौके पर पहुंची थी।
एडिशनल एसपी मौके पर पहुंचे, फॉरेंसिक जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए बलरामपुर के एडिशनल एसपी विश्व दीपक त्रिपाठी जांच के लिए कुसमी पहुंचे हैं। अंबिकापुर से फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।
FIR अब तक दर्ज नहीं
फिलहाल इस पूरे मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।