Edited By ASHISH KUMAR, Updated: 22 Feb, 2019 02:51 PM
भाजपा की वरिष्ठ नेता और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने 2019 लोकसभा चुनाव न लड़ने का एलान कर दिया है। विदिशा में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कारणों के चलते वो चुनाव नहीं लड़ेंगी। उन्होंने ये भी कहा कि इस बारे में पार्टी को अपनी...
विदिशा: भाजपा की वरिष्ठ नेता और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने 2019 लोकसभा चुनाव न लड़ने का एलान कर दिया है। विदिशा में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कारणों के चलते वो चुनाव नहीं लड़ेंगी। उन्होंने ये भी कहा कि इस बारे में पार्टी को अपनी मंशा से अवगत करा दिया है।
सुषमा स्वराज ने विदिशा की जनता को आभार दिया और अपने लोकसभा चुनाव नहीं लड़ने की वजह खुलकर बताते हुए कहा कि किडनी ट्रांसप्लांट के बाद डॉक्टरों ने इंफेक्शन से बचने की सलाह दी थी, इसकी वजह से महिला कार्यकर्ताओं को गले नहीं लगा सकती। सिर पर हाथ नहीं फेर सकती। इंफेक्शन से बचने के लिए कार्यकर्ताओं से दूरी बनाने से उनको इसका बुरा लगता। इन्हीं सब वजहों के चलते लोकसभा चुनाव नहीं लड़ने का निर्णय लिया है। विदिशा की जनता से किए गए सारे वादे पूरे किए जाने का संतोष है। इसके पहले सुषमा स्वराज ने पुलवामा में हुए आतंकवादी हमले पर रोष जताते हुए शहीदों को श्रद्धांजलि दी। गौरतलब है कि विदिशा में बतौर सांसद संभवतः सुषमा स्वराज का ये अंतिम कार्यक्रम है।
बता दें कि, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज विदिशा में करोड़ों रुपए की लागत से बने राष्ट्रीय स्तर के ऑडिटोरियम का लोकार्पण करने आई थी। लोकार्पण के दौरान उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, विदिशा जिले के प्रभारी मंत्री हर्ष यादव समेत तमाम नेता मौजूद रहे। विदेश मंत्री ने कहा कि भले ही वे चुनाव नहीं लड़ेंगी लेकिन विदिशा के मतदाताओं से बने रिश्तों को कभी नहीं भूलेंगी।