MP कांग्रेस में सत्ता से पहले कुर्सी की लड़ाई! दो दिग्गज नेताओं के समर्थकों ने अपने-अपने नेता को बताया अगला CM

Edited By Himansh sharma, Updated: 29 May, 2026 02:47 PM

cm face battle begins in mp congress before elections

मध्य प्रदेश की राजनीति में विधानसभा चुनाव भले अभी दूर हों, लेकिन कांग्रेस के भीतर सत्ता की तस्वीरें अभी से रंगी जाने लगी हैं।

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजनीति में विधानसभा चुनाव भले अभी दूर हों, लेकिन कांग्रेस के भीतर सत्ता की तस्वीरें अभी से रंगी जाने लगी हैं। पार्टी नेताओं और उनके समर्थकों के बीच मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर चल रही हलचल ने सियासी गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। सोशल मीडिया पर जिस तरह नेताओं को भविष्य का मुख्यमंत्री बताकर प्रचारित किया जा रहा है, उसने यह संकेत दे दिया है कि कांग्रेस के अंदर महत्वाकांक्षाओं का दौर शुरू हो चुका है।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार इन दिनों समर्थकों के सोशल मीडिया कैंपेन का केंद्र बने हुए हैं। एक वायरल पोस्ट में उन्हें मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठे दिखाया गया। सामने लगी नेम प्लेट पर माननीय उमंग सिंघार, मुख्यमंत्री, मध्य प्रदेश लिखा नजर आया, जबकि पीछे कैबिनेट बैठक मध्य प्रदेश सरकार का बैकग्राउंड दिखाई दिया। पोस्ट के साथ लिखा गया - अगला मुख्यमंत्री, उमंग सिंघार।

दूसरी ओर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के समर्थक भी पीछे नहीं हैं। सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में उन्हें “मध्य प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री” के तौर पर पेश किया गया। वीडियो में बैकग्राउंड डायलॉग सुनाई देता है - “सरकार गिराने जा रहे हैं हम बहुत जल्दी… अगले सीएम आपके सामने बैठे हैं। इस तरह के पोस्ट और वीडियो अब कांग्रेस के भीतर चल रही अंदरूनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को खुलकर सामने ला रहे हैं।

दिलचस्प बात यह है कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने में अभी करीब ढाई साल का समय बाकी है, लेकिन कांग्रेस के भीतर सीएम फेस को लेकर शुरू हुई यह होड़ भाजपा को बैठे-बिठाए हमला करने का मौका भी दे सकती है। राजनीतिक जानकार मानते हैं कि सत्ता से लंबे समय से बाहर रहने के बाद कांग्रेस के कई नेता खुद को भविष्य के नेतृत्व के तौर पर स्थापित करने की कोशिश में जुट गए हैं।

सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर जमकर प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कोई इसे कांग्रेस की ओवर कॉन्फिडेंस पॉलिटिक्स बता रहा है, तो कोई एक अनार, सौ बीमार जैसी स्थिति कहकर तंज कस रहा है। कई लोग यह सवाल भी उठा रहे हैं कि पार्टी पहले चुनाव जीतने की रणनीति बनाए या मुख्यमंत्री की कुर्सी बांटने की।

कुल मिलाकर, मध्य प्रदेश कांग्रेस में अभी से शुरू हुई यह “सीएम फेस राजनीति” आने वाले दिनों में पार्टी के अंदर नए समीकरण पैदा कर सकती है। फिलहाल चुनाव दूर हैं, लेकिन कुर्सी की तस्वीरें और दावे यह साफ कर रहे हैं कि कांग्रेस में सत्ता का सपना अभी से सजाया जाने लगा है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!